करीब एक सदी तक यूनाइटेड किंगडम में रहने के बाद, 39 नागा व्यक्तियों के पूर्वजों के अवशेष आगामी 27 नवंबर को नागालैंड लौटने वाले हैं। यह अवसर नागा समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक वापसी का पल माना जा रहा है, जो सामूहिक याद और श्रद्धांजलि से जुड़ा हुआ है।
कहां रखे गए थे और कैसे होगी वापसी?
इन अवशेषों को यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के पिट्स रिवर म्यूजियम में रखा गया था। नागालैंड में इनकी अगवानी नागा ट्राइब्स होहो और फोरम फॉर नाग रिकंसिलिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में नागा स्टूडेंट्स फेडरेशन और नागा पीपुल्स मूवमेंट फॉर ह्यूमन राइट्स भी सहयोग कर रहे हैं। दीमापुर के कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को दोपहर से एक विशेष होमकमिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आम जनता प्रार्थना, श्रद्धांजलि और माल्यार्पण करके अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान प्रकट कर सकेगी।
कोहिमा में होगा अंतिम संस्कार
आयोजकों ने नागा मातृभूमि के सभी समुदायों, संगठनों और शुभचिंतकों से इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। इसे नागा इतिहास के एक दर्दनाक अध्याय को भरने, गरिमा बहाल करने और सामूहिक सुलह की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया है। दीमापुर में स्वागत समारोह के बाद इन अवशेषों को 30 नवंबर को कोहिमा के नागा सॉलिडैरिटी पार्क में पूरे सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस सार्वजनिक दफन समारोह की शुरुआत दोपहर 2 बजे तय की गई है।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संग्रहालय की भूमिका
पिट्स रिवर म्यूजियम में नागा सामग्री का दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह मौजूद है। इनमें से अधिकांश वस्तुओं और अवशेषों को 20वीं शताब्दी की शुरुआत में औपनिवेशिक प्रशासकों द्वारा एकत्र किया गया था। हालांकि, संग्रहालय ने नैतिक और ऐतिहासिक कारणों के चलते साल 2020 में ही सभी मानव अवशेषों को सार्वजनिक प्रदर्शन से हटा दिया था। नागा ट्राइब्स होहो और फोरम फॉर नाग रिकंसिलिएशन ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि इन अवशेषों की वापसी हमारे पूर्वजों को सम्मानित करने और अतीत के जख्मों पर मरहम लगाने की दिशा में अनिवार्य है। आयोजकों का कहना है कि जब तक हमारे बिछड़े हुए लोग घर वापस नहीं आते, तब तक हमारी हीलिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती है। सभी लोगों से आग्रह किया गया है कि वे इस पवित्र वापसी और अंतिम संस्कार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।



















