तेलंगाना की सियासत में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की एक तीखी टिप्पणी को लेकर बड़ा घमासान छिड़ गया है, जिससे पार्टी के भीतरखाने चल रहा असंतोष खुलकर सामने आ गया है। मामला तब गरमाया जब मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से उन नेताओं पर करारा हमला बोला जो पार्टी में रहकर ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हैं और सार्वजनिक तौर पर आलोचना करते हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने मोर्चा संभालते हुए मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया और उन्हें संयम बरतने की हिदायत दी।
सिद्दीपेट की जनसभा में दिया था विवादित बयान
गुरुवार को सिद्दीपेट में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपनी ही पार्टी के असंतुष्ट नेताओं पर निशाना साधा था। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए तंज कसा था कि कुछ नेताओं की हालत ऐसी हो गई है मानो उन्हें किसी पागल कुत्ते ने काट लिया हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि ऐसे नेताओं को कांग्रेस के कार्यकर्ता पकड़कर सीधे मानसिक अस्पताल पहुंचाएंगे। उनका यह बयान उन नेताओं के संदर्भ में था जो कैमरे के सामने या मंच से सरकार की नीतियों की आलोचना करते हैं, लेकिन निजी मुलाकातों में सरकार के कार्यों की सराहना करते हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बयान को सीधे तौर पर विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और अनिरुद्ध रेड्डी की हालिया नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर विधायक का तीखा पलटवार
मुख्यमंत्री के इस बयान के अगले ही दिन यानी शुक्रवार को मुंगोडे विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री को मर्यादा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो लोग शासन व्यवस्था के सर्वोच्च पदों पर आसीन हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से बयान देते समय अपनी भाषा और गरिमा का पूरा ख्याल रखना चाहिए। राज गोपाल रेड्डी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सत्ता के नशे में चूर होकर मनमाने ढंग से आचरण करने वाले नेताओं को जनता कभी स्वीकार नहीं करती है। उन्होंने भ्रष्टाचार, जनहित की अनदेखी और दुर्भावनापूर्ण नीतियों को लेकर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि इतिहास और तेलंगाना की जनता ऐसी कार्यशैली को कभी माफ नहीं करेगी। अपने संदेश के अंत में उन्होंने भगवान अयप्पा का स्मरण करते हुए प्रार्थना की कि शीर्ष पदों पर बैठे लोगों को सद्बुद्धि मिले ताकि वे आत्ममंथन कर सकें।
भ्रष्टाचार और फंड आवंटन में भेदभाव के गंभीर आरोप
सिर्फ सोशल मीडिया तक ही सीमित न रहते हुए, राज गोपाल रेड्डी ने मीडिया से बातचीत के दौरान भी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, उसे दूसरों पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे अपने अंतःकरण से पूछकर बताएं कि क्या उनका प्रशासन पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त है। गौरतलब है कि राज गोपाल रेड्डी पहले भी अपनी ही सरकार पर विकास कार्यों के लिए बजट और फंड के आवंटन में पक्षपात करने के आरोप लगाते रहे हैं। इससे पहले वे मुख्यमंत्री के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी पर भी विकास राशि के असमान वितरण को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जता चुके हैं।
अनिरुद्ध रेड्डी ने भी उठाए हैं अफसरों के रवैये पर सवाल
तेलंगाना कांग्रेस में सरकार के तौर-तरीकों पर सवाल उठाने वाले कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी अकेले विधायक नहीं हैं, बल्कि इस फेरिहर में अन्य नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध रेड्डी भी राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर इल्जाम लगा चुके हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि सरकारी महकमे के कुछ अधिकारी ठेकेदारों के बकाए बिल पास करने की एवज में भारी-भरकम कमीशन की मांग कर रहे हैं। अनिरुद्ध रेड्डी का यह भी मानना था कि अधिकारियों की ऐसी संलिप्तता और भ्रष्टाचार की वजह से पूरी कांग्रेस सरकार की छवि को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिस पर पार्टी स्तर पर गंभीर विचार किए जाने की जरूरत है।



















