राजस्थान के धौलपुर जिले में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद उपजा गुस्सा आज एक बड़े जनसैलाब में तब्दील हो सकता है। जगन के पैतृक गांव भभूतिपुरा, जो धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड में आता है, वहां आज दोपहर तीये की बैठक यानी शोक सभा रखी गई है। इस सभा में गुर्जर समाज के लोगों और जगन के समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।
सभा का मकसद: न्याय की मांग और प्रशासनिक आश्वासनों पर चर्चा
बताया जा रहा है कि इस शोक सभा का सबसे बड़ा एजेंडा अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में हुई जगन गुर्जर की हत्या को लेकर न्याय की मांग उठाना है। साथ ही प्रशासन की तरफ से पहले दिए गए आश्वासनों पर भी चर्चा होगी कि उन पर अब तक कितना अमल हुआ है। ठीक इसी दिन पुलिस ने भी एक बड़ा कदम उठाते हुए हत्या के आरोपी विष्णु जाट को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को जेल में हत्या, बुधवार को हुआ अंतिम संस्कार
गौरतलब है कि जगन गुर्जर की बीते सोमवार को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर ही हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बुधवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच भभूतिपुरा गांव में उसका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में भी इलाके से बड़ी तादाद में लोग पहुंचे थे। अब जगन का परिवार और उसके करीबी समर्थक हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी आगे की रणनीति तय करने में जुटे हैं।
बेटे आसाराम की समाज से अपील
जगन के बेटे आसाराम गुर्जर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर समाज के लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में शोक सभा में पहुंचने की अपील की। आसाराम का कहना है कि उनके पिता को जेल के भीतर धोखे से मौत के घाट उतारा गया है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरे समाज का एकजुट होना बेहद जरूरी है। परिजनों का साफ आरोप है कि यह कोई आम वारदात नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है, लिहाजा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
परिवार यह भी कह रहा है कि पोस्टमार्टम कराने से पहले पुलिस-प्रशासन के साथ जो लिखित सहमति बनी थी, उस पर जल्द से जल्द अमल किया जाए। परिजनों ने साफ किया है कि अगर तय समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। यही वजह है कि आज की सभा को लेकर पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह चौकस हो गया है।
भीड़ के अंदेशे से प्रशासन सतर्क, दूसरे जिलों से भी पहुंच सकते हैं लोग
अंतिम संस्कार के दौरान उमड़ी हजारों की भीड़ ने पहले ही प्रशासन को सतर्क कर दिया था, इसलिए आज सुरक्षा व्यवस्था पर खास निगरानी रखी जा रही है। अंदेशा है कि आसपास के इलाकों के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग भभूतिपुरा पहुंच सकते हैं। समाज के कई लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी राज्य की हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हुई इस वारदात पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इतनी कड़ी सुरक्षा वाली जेल में ऐसी घटना होना बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल सबकी नजरें आज भभूतिपुरा में होने वाली इस सभा पर टिकी हैं, जहां न्याय की मांग के साथ आगे की रणनीति को लेकर भी अहम फैसले हो सकते हैं।
आरोपी विष्णु जाट गिरफ्तार, बैरक में जगन के साथ था बंद
इस पूरे मामले में अजमेर के सिविल लाइन थाना पुलिस ने आज सुबह-सुबह हत्या के आरोपी विष्णु जाट को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के घेरे में थाने लाया गया, जहां अब उससे हत्या को लेकर पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि विष्णु जाट अजमेर जेल में जगन के साथ ही बैरक में बंद था। पूछताछ में विष्णु ने यह कबूल भी कर लिया है कि जगन की हत्या उसी ने की।
पुलिस अब आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उससे विस्तार से पूछताछ करेगी ताकि हत्या के असली कारणों तक पहुंचा जा सके। माना जा रहा है कि पूछताछ में इस हत्याकांड से जुड़े और भी कई राज सामने आ सकते हैं। साथ ही यह भी साफ होगा कि यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद का नतीजा थी या फिर किसी बड़े षड्यंत्र के तहत अंजाम दी गई।













