बिहार के मुजफ्फरपुर में सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड पर देर रात एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई। यहां अपराधियों ने भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को निशाना बनाते हुए उसे उखाड़कर लूटने की कोशिश की। स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए पांच बदमाशों ने महज 20 मिनट के भीतर भारी-भरकम मशीन को उसकी जगह से अलग कर दिया और उसे वाहन में लोड करने की जुगत में लग गए। गनीमत रही कि वक्त रहते सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस को नजदीक आते देख अपराधी मशीन वहीं छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए।
सीसीटीवी पर ब्लैक स्प्रे छिड़ककर शुरू की वारदात
इस पूरी घटना को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से बूथ के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे छिड़क दिया था। उनका मकसद यह था कि उनकी पहचान या चेहरे कैमरे में कैद न हो सकें। इसके बाद उन्होंने तेजी से मशीन को फर्श से उखाड़ा और स्कॉर्पियो में रखने की तैयारी करने लगे। हालांकि, एटीएम को उसकी जगह से हटाने के दौरान तकनीकी सर्विलांस और बैंक के सुरक्षा अलार्म का सिस्टम एक्टिव हो गया, जिससे तुरंत बैंक प्रबंधन को इस सेंधमारी की भनक लग गई। बैंक अधिकारियों ने बिना देर किए रात करीब 1:20 बजे सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद को घटना की फोन पर जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानेदार ने त्वरित कार्रवाई की और महज पांच मिनट के भीतर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर जा पहुंचे।
पुलिस के पहुंचते ही मची खलबली, एक राउंड फायरिंग
अचानक पुलिस की गाड़ियों को सामने देखकर एटीएम लूटने पहुंचे पांचों बदमाशों के होश उड़ गए और वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। पकड़े जाने के डर से बदमाश उखाड़ी जा चुकी एटीएम मशीन को मौके पर ही छोड़कर अपनी स्कॉर्पियो से भागने लगे। अपराधियों को खदेड़ने और रोकने के लिए पुलिस दल की तरफ से एक राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इस दौरान बदमाशों का पीछा करते वक्त थानेदार की गाड़ी डुमरी पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने पहुंची एफएसएल की टीम
पुलिस की जवाबी कार्रवाई और मुस्तैदी के बावजूद शातिर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो समेत सकरी रोड की दिशा में फरार होने में कामयाब रहे। इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही नगर डीएसपी-2 दीपक कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना स्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य सुरक्षित रूप से जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया। इसके साथ ही, भारतीय स्टेट बैंक की तकनीकी विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और एटीएम मशीन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच-पड़ताल की।
पुलिस की तकनीकी सेल खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज
फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तकनीकी सेल और डीआईयू की टीम आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय इलाकों में एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। इस मामले पर एक स्थानीय निवासी उमाशंकर ने बताया कि कार में सवार होकर पांचों बदमाश आए थे। पुलिस की गाड़ी को देखकर वे एक बार भाग निकले थे, लेकिन थोड़ी देर बाद वे फिर से वापस लौट आए और एटीएम को गाड़ी में लोड करने का प्रयास करने लगे। जैसे ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची, तो अपराधी वहां से भाग खड़े हुए।






















