कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश की आगामी पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गई है। फिल्म निर्देशक गीतू मोहनदास के मार्गदर्शन में तैयार हुई इस बड़ी परियोजना को यूके में प्रदर्शन के लिए ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (BBFC) से आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। हालांकि सेंसर बोर्ड ने फिल्म की सामग्री का सूक्ष्मता से विश्लेषण करने के बाद इसे सख्त 18+ (केवल वयस्कों के लिए) सर्टिफिकेट प्रदान किया है। बोर्ड की आधिकारिक रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि फिल्म के अंदर चरम स्तर का खून-खराबा, विचलित कर देने वाली हिंसा, अत्यधिक बोल्ड सीन और खौफनाक घटनाएं शामिल हैं, जिसके चलते इसे नाबालिगों के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त माना गया है।
धुरंधर सीरीज से भी आगे निकली टॉक्सिक की सेंसर रेटिंग
यूके सेंसर बोर्ड की विस्तृत रेटिंग सामने आने के बाद फिल्म गलियारों और सोशल मीडिया पर इसकी तुलना 2025 में आई बहुचर्चित फिल्म 'धुरंधर' और मार्च 2026 में प्रदर्शित हुई 'धुरंधर 2' से की जा रही है। रणवीर सिंह अभिनीत और आदित्य धर द्वारा निर्देशित 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों को भी ब्रिटेन में 18+ सर्टिफिकेट मिला था। लेकिन सेंसर बोर्ड द्वारा जारी अंकों के आधार पर 'टॉक्सिक' ने खौफ और बोल्डनेस के मामले में इन दोनों फिल्मों को काफी पीछे छोड़ दिया है। जहा 'धुरंधर' फिल्मों को केवल हिंसा की श्रेणी में 5 में से 5 अंक मिले थे और अन्य श्रेणियों में 2 से 4 के बीच रेटिंग दी गई थी, वहीं 'टॉक्सिक' ने तीन अलग-अलग प्रमुख पैमानों पर सर्वोच्च अंक हासिल किए हैं। सेंसर विवरण के अनुसार फिल्म को 'हिंसा', 'सेक्सुअल सीन्स' और 'इंजरी डिटेल' (जख्मों के विस्तृत दृश्य) तीनों श्रेणियों में 5 में से पूरे 5 अंक दिए गए हैं। इसके अलावा थ्रेट, थ्रिल, न्यूडिटी, ड्रग्स और गाली-गलौज या भाषा की श्रेणियों में भी फिल्म ने 4/5 रेटिंग दर्ज की है।
भाषा की बड़ी चूक, आधिकारिक कहानी और 3 घंटे से लंबा रनटाइम
ब्रिटिश सेंसर बोर्ड की इस विस्तृत समीक्षा में एक तकनीकी चूक भी देखने को मिली है। बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 'टॉक्सिक' को कन्नड़ भाषा के बजाय गलती से तमिल भाषा की फिल्म के रूप में दर्ज कर दिया है, जबकि यह मूल रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में बनाई गई है। इसके साथ ही BBFC ने पहली बार आधिकारिक रूप से फिल्म के मुख्य कथानक का खुलासा भी किया है। सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की कहानी गोवा के एक बेहद शक्तिशाली और बेखौफ ड्रग कार्टेल के मुखिया के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने ही कारनामों से अपने विनाश का रास्ता तैयार करता है। इसके अलावा फिल्म की कुल समयावधि भी तय कर दी गई है। यूके में पास किए गए इस नाटकीय संस्करण का कुल रनटाइम 191 मिनट और 41 सेकंड है, जिसका अर्थ है कि दर्शक सिनेमाघरों में लगभग 3 घंटे 11 मिनट लंबा एक्शन ड्रामा देखेंगे।
गंभीर खून-खराबा, शरीर के कटे अंग और विवादित दृश्यों का विवरण
सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट में फिल्म के भीतर मौजूद विचलित करने वाली सामग्री का परत-दर-परत विवरण दिया गया है। हिंसक सामग्री के सेक्शन में उल्लेख किया गया है कि पूरी फिल्म में अंधाधुंध गोलीबारी, चाकुओं से जानलेवा हमले, गला काटने, सिर फटने, प्रताड़ित करने, फांसी देने और मानव शरीर के अंगों को काटने जैसे भयावह दृश्य भरे पड़े हैं। इन दृश्यों में बड़े पैमाने पर खून-खराबा और वीभत्स घाव खुलकर दिखाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हिंसक घटनाओं के बाद कटे हुए इंसानी अंग, खून के बड़े-बड़े तालाब और लाशों का ढेर स्क्रीन पर बार-बार आता है। हिंसा के अतिरिक्त फिल्म में क्लबों की पृष्ठभूमि में फिल्माए गए अत्यधिक बोल्ड व इरोटिक दृश्य, नशीली दवाओं का बेहिसाब सेवन और बच्चों से जुड़ा हुआ एक संवेदनशील व परेशान करने वाला दृश्य भी मौजूद है, जिसने इसे और अधिक वयस्क श्रेणी में धकेल दिया है।
मार्च से टली रिलीज, 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक
फिल्म की रिलीज टाइमलाइन में पूर्व में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। पहले 'टॉक्सिक' को मार्च के महीने में सिनेमाघरों में उतारे जाने की योजना थी, जहा इसका सीधा मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की बड़ी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' से होना तय माना जा रहा था। लेकिन उस दौरान पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) के क्षेत्र में उपजे कूटनीतिक और सैन्य तनाव के कारण निर्माताओं ने सुरक्षा और व्यापारिक कारणों से इसकी रिलीज स्थगित कर दी थी। अब यह महात्वाकांक्षी एक्शन ड्रामा 26 अगस्त को पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रहा है। मूल रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट की गई यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी और विशाल बजट वाली फिल्मों में शुमार की जा रही है।
भारी स्टारकास्ट और सोशल मीडिया पर उत्सुकता का माहौल
इस बड़े पैमाने की फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के संयुक्त बैनर तले किया गया है, जिसके निर्माता वेंकट के नारायण और खुद सुपरस्टार यश हैं। फिल्म में यश के साथ भारतीय सिनेमा के कई बड़े चेहरे नजर आने वाले हैं, जिनमें कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं। यद्यपि फिल्म के शुरुआती टीज़र और प्रचार सामग्री को अत्यधिक हिंसा और बोल्डनेस के कारण सोशल मीडिया पर कुछ आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस 18+ एडल्ट रेटिंग और रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारियों ने दर्शकों के बीच उत्सुकता को दोगुना कर दिया है। 26 अगस्त को यह देखा जाएगा कि यह भव्य पैन-इंडिया फिल्म वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।



















