थिएटरों के लिहाज से यह हफ्ता खासा गहमागहमी वाला साबित हुआ है। आमतौर पर बड़े बजट की मसाला और एक्शन फिल्मों का दबदबा रहता है, मगर इस शुक्रवार 12 जून 2026 को बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक अलग-अलग जॉनर की 5 छोटी-बड़ी फिल्में एक साथ आ गईं। मनोज बाजपेयी की पॉलिटिकल थ्रिलर 'गवर्नर' से लेकर कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' तक, इन फिल्मों के बीच एक रोचक भिड़ंत देखने को मिल रही है। सैक्निल्क और ट्रेड एनालिस्ट्स के शुरुआती आंकड़ों और माहौल के आधार पर समझते हैं कि पहले दिन कौन सी फिल्म आगे रही और दर्शकों ने किसे सबसे ज्यादा तरजीह दी।
भारत भाग्य विधाता
26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के मेडिकल स्टाफ और नर्स अंजलि कुल्थे की बहादुरी पर बुनी गई यह फिल्म दर्शकों के दिल को छू रही है।
बजट: करीब ₹60 करोड़
पहले दिन की कमाई: फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी मगर सम्मानजनक शुरुआत की है। पहले दिन भारत में यह करीब ₹1-2 करोड़ का नेट कलेक्शन बटोर सकती है। शाम 5 बजे तक फिल्म ने 0.44 करोड़ की ग्रॉस कमाई की, जबकि इसका नेट कलेक्शन फिलहाल सिर्फ 37 लाख है। आज इसके कुल 1403 शो चल रहे हैं। भावुक कथानक और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के दम पर वीकेंड पर कलेक्शन में बड़े उछाल की उम्मीद है। देशप्रेम और जज्बे से जुड़ी होने के कारण शुक्रवार दोपहर बाद इसकी टिकट बुकिंग में हल्की तेजी दिखी। हालांकि फिल्म को लेकर दर्शकों का रिस्पांस अब तक कोई खास नहीं रहा है।
गवर्नर
मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा अभिनीत यह एक ऐतिहासिक पॉलिटिकल थ्रिलर है। मनोज बाजपेयी की दमदार अदाकारी और सियासी दांवपेंचों से भरी कहानी इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।
बजट: 70 करोड़
पहले दिन की कमाई: कंटेंट-ड्रिवन और गंभीर सिनेमा पसंद करने वालों को लुभाते हुए फिल्म ने पहले दिन 5 बजे तक महज 44 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसका नेट कलेक्शन 37 लाख रुपये रहा। पहले दिन फिल्म के 1020 शो रखे गए हैं। माना जा रहा है कि वीकेंड पर यह कुछ रफ्तार पकड़ेगी।
मैं वापस आऊंगा
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ और वेदांग रैना अहम किरदारों में हैं। बंटवारे के दौर की पृष्ठभूमि पर रची गई यह एक बेहद भावुक प्रेम कहानी है।
बजट: 70 करोड़
पहले दिन की कमाई: दिलजीत दोसांझ की स्टार वैल्यू और इम्तियाज अली के चाहने वालों के चलते फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक शुरुआत कर ली है। पहले दिन 5 बजे तक इसका ग्रॉस कलेक्शन 0.57 करोड़ रुपये रहा, जबकि नेट कलेक्शन 0.48 करोड़ रुपये है। पहले दिन फिल्म के 1711 शो रखे गए हैं।
हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट
मिमोह चक्रवर्ती और चेतना पांडे अभिनीत यह फिल्म साल 2011 में आई सुपरहिट हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3D' का सीक्वल है।
बजट: 28 करोड़
पहले दिन की कमाई: हॉरर के शौकीनों के चलते सिंगल स्क्रीन पर फिल्म को अच्छा रिस्पांस मिला। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 5 बजे तक 1.18 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि नेट कलेक्शन करीब 1 करोड़ रहा। उम्मीद है कि ये आंकड़े 2 करोड़ के पार चले जाएंगे। पहले दिन फिल्म के 2000 से ज्यादा शो हैं। थ्री-डी (3D) इफेक्ट्स और हॉरर पसंद करने वाले दर्शकों ने शाम और रात के शो के लिए जमकर बुकिंग शुरू कर दी है।
हीर सारा
मानवी गागरू और पत्रलेखा अभिनीत यह एक महिला-केंद्रित रोड-ट्रिप ड्रामा है, जिसमें इंदौर से पुडुचेरी तक का सफर दिखाया गया है।
बजट: अनडिस्क्लोज्ड
पहले दिन की कमाई: सीमित स्क्रीन पर रिलीज होने के कारण फिल्म की शुरुआत सुस्त रही। पहले दिन यह करीब ₹20 से ₹40 लाख तक का ही कारोबार कर पाएगी।
कौन निकला सबसे आगे?
आखिर बाजी किसके हाथ रही? अगर ओपनिंग डे के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और एडवांस बुकिंग के रुझानों पर गौर करें तो इस हफ्ते 'मैं वापस आऊंगा' (दिलजीत दोसांझ), 'गवर्नर' (मनोज बाजपेयी) और 'भारत भाग्य विधाता' (कंगना रनौत) के बीच जबरदस्त टक्कर दिख रही है। जहां दिलजीत की फिल्म को उनकी स्टार पावर और संगीत का फायदा मिल रहा है, वहीं कंगना की फिल्म को उसकी सच्ची, देशभक्ति और जज्बातों से भरी कहानी के लिए दर्शकों की खूब तारीफ मिल रही है। पॉलिटिकल और हिस्टॉरिकल ड्रामा के शौकीनों के लिए मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' भी एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। इसके बावजूद पहले दिन की कमाई के लिहाज से मिमोह चक्रवर्ती की फिल्म सबसे आगे चल रही है।













