इलॉन मस्क नेट वर्थ: दुनिया के सबसे धनी कारोबारी इलॉन मस्क की कुल संपत्ति बस कुछ ही समय में 1000 अरब डॉलर के आंकड़े को लांघने वाली है। इसके साथ ही वे धरती के पहले ऐसे शख्स बन जाएंगे जिनकी नेट वर्थ ट्रिलियन डॉलर के पार होगी, यानी पहले ट्रिलियनेयर। दरअसल, आज जैसे ही उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX के शेयरों में कारोबार शुरू होगा, उनकी संपत्ति सीधे 1000 अरब डॉलर से ऊपर निकल जाएगी। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर सूची के अनुसार, यह खबर लिखे जाने तक मस्क की मौजूदा नेट वर्थ 982.6 बिलियन डॉलर दर्ज की गई थी।
दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लेकर आए मस्क
इलॉन मस्क ने SpaceX के आईपीओ के माध्यम से कुल मिलाकर 75 बिलियन डॉलर (करीब 7.15 लाख करोड़ रुपये) इकट्ठा किए हैं, जो अब तक के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बन गया है। कंपनी की फाइलिंग के आधार पर फोर्ब्स के आकलन और रॉयटर्स की गणना के मुताबिक, शुक्रवार को जब इस अंतरिक्ष कंपनी के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होगी, तो मस्क की संपत्ति $1.1 ट्रिलियन यानी 1100 अरब डॉलर से ज्यादा हो जाने की उम्मीद है।
SpaceX आईपीओ में प्रति शेयर 135 डॉलर का प्राइस बैंड
SpaceX ने अपने आईपीओ के लिए हर एक शेयर का प्राइस बैंड 135 डॉलर तय किया है। इस स्तर पर मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का मूल्यांकन लगभग 1.77 से 1.8 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच जाएगा, जो दुनिया की किसी भी कंपनी के वैल्यूएशन से कहीं अधिक है।
स्पेसएक्स में मस्क की हिस्सेदारी की कीमत 866 अरब डॉलर
इलॉन मस्क के पास SpaceX के 476 करोड़ शेयर हैं और प्रति शेयर कीमत 135 डॉलर है। इस आधार पर अकेले स्पेसएक्स में ही मस्क की हिस्सेदारी का मूल्य 866 अरब डॉलर यानी 82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके अतिरिक्त Tesla में उनकी हिस्सेदारी की कीमत करीब 260 अरब डॉलर है, जबकि उनकी बाकी कंपनियों में हिस्सेदारी लगभग 5 से 10 अरब डॉलर की है।
मस्क के करीब पहुंचना भी अब असंभव
दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में इलॉन मस्क अब इतने ऊपर निकल चुके हैं कि किसी भी व्यक्ति के लिए उनसे आगे निकलना तो दूर, उनके आसपास तक पहुंच पाना भी लगभग नामुमकिन हो गया है। कुछ ही देर में मस्क 1000 अरब डॉलर से अधिक नेट वर्थ के साथ इस सूची में पहले पायदान पर डटे रहेंगे। इस फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर Google के लैरी पेज हैं, जिनकी फिलहाल नेट वर्थ 292.7 अरब डॉलर है।













