नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर सिनेप्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा का बाजार गर्म है और हर तरफ इसकी भव्यता की बात हो रही है। इसी बीच दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी ने भी इस बहुचर्चित फिल्म के ट्रेलर और इसकी स्टारकास्ट की जमकर सराहना की है।
किरदारों पर क्या बोले नागार्जुन
इस बड़े बजट के प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि यश को रावण के रूप में देखा जाएगा और माता सीता के किरदार में साई पल्लवी नजर आएंगी। इन तमाम खास कलाकारों और उनके निभाए जाने वाले पौराणिक स्वरूपों को लेकर अभिनेता नागार्जुन ने अपनी राय साझा की है। उन्होंने विशेष तौर पर रणबीर कपूर और यश के अभिनय और उनके लुक्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने किरदारों में बेहद सटीक और आकर्षक लग रहे हैं।
ट्रेलर की अहमियत पर खुलकर रखी बात
एक हालिया बातचीत में नागार्जुन ने रामायण के ट्रेलर की जमकर तारीफ की और इसके विजुअल तथा प्रस्तुति को शानदार बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के समय में किसी भी फिल्म के लिए उसका ट्रेलर बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनका मानना है कि दर्शक ट्रेलर देखकर ही सिनेमाघरों का रुख करने का मन बनाते हैं और जितना दमदार ट्रेलर होता है, फिल्म की पहले दिन की कमाई पर भी उसका उतना ही सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
बढ़ता है दर्शकों का उत्साह
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में ट्रेलर किसी भी फिल्म की सफलता की नींव तय करने में मदद करते हैं। चाहे बात भारतीय फिल्मों की हो, हॉलीवुड की प्रस्तुतियों की हो या फिर कोरियन सिनेमा की, दर्शक पहले झलक देखते हैं और फिर सिनेमाघर जाने का फैसला करते हैं। नागार्जुन का यह भी मानना है कि आज के समय में ट्रेलर का महत्व बहुत अधिक बढ़ चुका है। आपको बता दें कि नागार्जुन इससे पहले अभिनेता रणबीर कपूर के साथ निर्देशक अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा में भी साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म से जुड़ी अन्य खास बातें
रामायण फिल्म के निर्देशन की बागडोर नितेश तिवारी के हाथों में है। इस भव्य सिनेमाई सफर को परदे पर उतारने के लिए कई बड़े नाम जुड़े हुए हैं। इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश के बैनर तले चलने वाली मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। निर्माताओं की योजना के अनुसार इस महाकाव्य का पहला भाग साल 2026 में सिनेमाघरों में उतरेगा, जबकि इसका दूसरा भाग साल 2027 में दर्शकों के सामने आएगा।



















