मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता सुदेश लहरी ने गायक दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। हाल ही में एक लाइव स्टेज शो के दौरान दलेर मेहंदी के साथ हुए अपमानजनक बर्ताव से आहत होकर सुदेश ने गहरी नाराजगी जाहिर की है और लोगों से कलाकारों की इज्जत करने की अपील की है। सुदेश ने साझा किया कि वह दलेर मेहंदी को पिछले तीन दशकों से अच्छी तरह से जानते हैं और उन्होंने उनसे मंच पर प्रस्तुति देने से लेकर हर मुश्किल परिस्थिति में पेशेवर बने रहने का हुनर सीखा है। एक साथी कलाकार होने के नाते वह उनकी भावनाओं और जज्बे को पूरी गहराई से महसूस कर सकते हैं।
सुदेश लहरी ने इंस्टाग्राम पर साझा किया वीडियो
सुदेश लहरी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि यह वीडियो वह अपने लिए नहीं बल्कि दलेर पाजी के लिए बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक कलाकार होने के नाते वह जानते हैं कि एक कलाकार का दिल कितना कोमल और संवेदनशील होता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर दलेर पाजी के जो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, उनमें जिस तरह की बातें फैलाई जा रही हैं, वह पूरी तरह से गलत और अनुचित है।
स्टेज पर दुर्व्यवहार को बताया पूरी तरह गलत
सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुए गलत बर्ताव पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। दलेर मेहंदी के साथ अपने तीस साल पुराने ताल्लुक का जिक्र करते हुए सुदेश ने बताया कि उन्होंने और देश-दुनिया के तमाम कलाकारों ने दलेर मेहंदी से ही मंच की मर्यादा रखना, पेशेवर रवैया अपनाना और कला का आदर करना सीखा है। उन्होंने कहा कि वह उन्हें इतने लंबे समय से करीब से जानते हैं और अगर किसी को कोई शिकवा या शिकायत थी, तो उसे बैकस्टेज निजी तौर परसुलझाया जा सकता था। भरे मंच पर इस तरह का बर्ताव करना कतई सही नहीं है।
दलेर मेहंदी को लेकर किया बड़ा दावा
दलेर मेहंदी की तारीफ में आगे बोलते हुए सुदेश ने कहा कि बीते तीस वर्षों में उन्होंने कभी भी दलेर मेहंदी को शराब का सेवन करते हुए नहीं देखा है और ना ही कभी किसी ने उनके बारे में ऐसा कुछ कहा है। वीडियो के अंत में सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और उनके प्रति अपना पूर्ण समर्थन जताते हुए कहा कि वह जल्द स्वस्थ हों और सभी फैंस उनके साथ खड़े हैं।
क्या था पूरा मामला और कब हुई घटना
यह पूरा विवाद 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी जिले में स्थित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले के दौरान सामने आया था, जब दलेर मेहंदी का एक लाइव शो चल रहा था। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल अचानक मंच पर आ धमके थे। उन्होंने भरे मंच पर दलेर मेहंदी का कार्यक्रम बीच में ही रुकवा दिया और उन पर गंभीर आरोप लगाए। मंत्री का कहना था कि मां दुर्गा के इस पवित्र आयोजन में गायक शराब पीकर पहुंचे थे, जो धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है।



















