बारिश के दिनों में अक्सर कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो चटपटा भी हो और क्रीमी भी। ऐसे मौसम में अगर घर पर कुछ नया और जायकेदार बनाना चाहते हैं तो सोया चाप से तैयार होने वाली मलाई चाप एक बेहतरीन विकल्प है। यह खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है, बनाने में उतनी ही आसान भी है। बस कुछ आसान स्टेप फॉलो करने होंगे और रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर की रसोई में ही तैयार हो जाएगा।
क्या-क्या चाहिए सामग्री
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले सारी सामग्री इकट्ठा कर लें। इसके लिए सोया चाप 5 से 6 पीस, गाढ़ा दही यानी हंग कर्ड आधा कप, फ्रेश क्रीम या मलाई आधा कप, काजू का पेस्ट 2 बड़े चम्मच, अदरक-लहसुन का पेस्ट 1 चम्मच, हरी मिर्च का पेस्ट 1 चम्मच, चाट मसाला 1 चम्मच, काली मिर्च पाउडर आधा चम्मच, कसूरी मेथी 1 चम्मच, मक्खन 2 से 3 बड़े चम्मच, तलने के लिए तेल, स्वादानुसार नमक और बारीक कटा हुआ प्याज व शिमला मिर्च आधा कप की जरूरत पड़ेगी।
सबसे पहले सोया चाप को उबालें और फ्राई करें
सबसे पहले सोया चाप को पानी में थोड़ा नमक डालकर 5 से 7 मिनट तक उबाल लें। ऐसा करने से चाप अच्छी तरह सॉफ्ट हो जाती है। उबालने के बाद इसे पानी से निकालकर ठंडा होने दें, फिर इसकी स्टिक हटा दें और इसे मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और चाप के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। ध्यान रखें कि इन्हें ज्यादा देर तक तलकर कड़ा न करें। हल्की फ्राई करने से चाप की परतें खुल जाती हैं, जिससे बाद में लगाया गया मसाला अंदर तक अच्छी तरह पहुंच पाता है।
मैरिनेशन बनाने और लगाने का तरीका
अब एक बड़े बाउल में गाढ़ा दही, काजू पेस्ट, अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च पेस्ट, काली मिर्च पाउडर, कसूरी मेथी, स्वादानुसार नमक और 2 चम्मच क्रीम डालकर सबको अच्छी तरह मिला लें और एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। इसके बाद फ्राई की हुई चाप को इस मिश्रण में डालकर अच्छी तरह कोट करें ताकि हर टुकड़े पर मसाला बराबर लगे। अब इसे कम से कम 20 से 30 मिनट के लिए मैरिनेट होने के लिए अलग रख दें, जिससे मसाला चाप में अच्छी तरह समा जाए।
ग्रिल करें और आखिरी ग्रेवी तैयार करें
मैरिनेशन का समय पूरा होने के बाद एक पैन या तवे पर 1 चम्मच मक्खन गर्म करें। इसमें मैरिनेट की हुई चाप के टुकड़े रखें और इन्हें पलट-पलट कर तब तक सेकें जब तक इन पर हल्के भूरे रंग के ग्रिल मार्क्स न आ जाएं। इसके बाद एक दूसरी कढ़ाई में बचा हुआ मक्खन गर्म करें और उसमें बारीक कटी प्याज व शिमला मिर्च डालकर करीब 1 मिनट तक सौते करें। अब इसमें बचा हुआ मैरिनेशन का पेस्ट और बची हुई ताजी क्रीम डालकर धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकने दें। आखिर में इसमें ग्रिल की हुई चाप डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इस तरह क्रीमी और जायकेदार मलाई चाप बनकर तैयार हो जाती है। इसे गरमागरम पराठे के साथ परोसें और इसका मजा लें।











