महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक प्रवासी मजदूर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. यह वारदात जिले के विटा शहर स्थित मयक्कनगर इलाके की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई, जहां दो मजदूरों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मृतक मजदूर सोते समय ही अपनी जान गंवा बैठा.
कौन था मृतक मजदूर
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राजमन कुमार के रूप में हुई है. वह रोज़ी-रोटी की तलाश में अपने घर से दूर महाराष्ट्र आया था और यहां तीन अन्य साथी मजदूरों के साथ एक मकान के निर्माण स्थल पर काम कर रहा था.
कैसे हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक राजमन कुमार और अशोक कुमार नाम के एक अन्य मजदूर के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी. आरोप है कि इसके बाद अशोक कुमार ने रात में सोते हुए राजमन पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया. हमले में राजमन के सिर पर गंभीर चोटें आईं. उसे तुरंत नजदीकी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
वारदात के बाद आरोपी अशोक कुमार मौके से फरार हो गया. पुलिस की कई टीमें उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छानबीन कर रही हैं. घटना की सूचना मिलते ही सब-डिविज़नल पुलिस अधिकारी सदाशिव शेलार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.



















