धौलपुर में दीवाली के पावन पर्व पर उत्साह का माहौल रहता है और लोग जमकर आतिशबाजी करते हैं। इस दौरान कोई फुलझड़ी जलाकर खुशी मनाता है तो कोई गोल चकरी और अनार चलाता है। लेकिन जश्न का यह दौर थमने के बाद घर की दीवारों, छत और खासकर फर्श पर जले हुए निशान, बारूद के काले दाग और कालिख की मोटी परत जम जाती है। देखने में ये दाग काफी बुरे लगते हैं और आम दिनों की तरह साधारण पोछा लगाने से भी आसानी से नहीं छूटते। इनसे निपटने के लिए कई बार लोग तेज केमिकल या कड़े ब्रश का इस्तेमाल करने की गलती बैठते हैं।
तेज केमिकल या कड़े ब्रश का प्रयोग करने से फर्श की प्राकृतिक चमक हमेशा के लिए खराब हो सकती है। अगर आपके घर के फर्श पर भी पटाखों के काले और जिद्दी दाग रह गए हैं, तो कुछ बेहद आसान घरेलू तरीकों से इन्हें पूरी तरह साफ किया जा सकता है। आतिशबाजी के ठीक बाद फर्श पर राख, जले हुए कागज के छोटे-छोटे टुकड़े और बारूद का महीन पाउडर जमा हो जाता है। ऐसे में सबसे पहला और जरूरी कदम इस कचरे को साफ करना होता है। इसके लिए सूखी झाड़ू या एक मुलायम कपड़े की मदद से सबसे पहले सारी राख और पाउडर को फर्श से हटा देना चाहिए।
डिशवॉश लिक्विड का इस्तेमाल
शुरुआती कचरा हटाने से यह फायदा होता है कि जब आप बाद में गीला पोछा लगाएंगे, तो वह गंदगी पूरे फर्श पर फैलेगी नहीं। यदि पटाखों की वजह से फर्श पर काले और थोड़े चिकने दाग पड़ गए हैं, तो किचन में रखा डिशवॉश लिक्विड बहुत काम आ सकता है। इस नुस्खे को आजमाने के लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिला लें। अब एक मुलायम कपड़े या स्पंज को इस तैयार पानी में अच्छी तरह भिगोकर दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें। इसके बाद अंत में साफ पानी से एक बार फिर पोछा लगा दें जिससे सारा साबुन निकल जाए।
बेकिंग सोडा का असरदार पेस्ट
कुछ दाग इतने पक्के होते हैं कि वे सामान्य सफाई और साबुन से भी टस से मस नहीं होते। ऐसी जिद्दी स्थितियों से निपटने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक छोटी कटोरी में थोड़ा सा बेकिंग सोडा लेकर उसमें पानी मिलाएं और एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस तैयार पेस्ट को सीधे उन जगहों पर लगाएं जहां पटाखों के काले निशान बने हैं। इसे कुछ मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर एक मुलायम गीले कपड़े से हल्के हाथों से पोंछकर साफ कर लें। आखिर में साफ पानी से फर्श को पूरी तरह चमका लें।
हल्के फ्लोर क्लीनर की मदद
यदि फर्श के बड़े हिस्से पर पटाखों की कालिख और धुएं के काले निशान फैल गए हैं, तो किसी माइल्ड या हल्के फ्लोर क्लीनर का इस्तेमाल करना सही रहता है। इसके लिए एक बाल्टी गुनगुने पानी में अपने फर्श के प्रकार के अनुसार थोड़ा सा फ्लोर क्लीनर घोल लें। अब एक माइक्रोफाइबर कपड़े या मुलायम पोछे की सहायता से पूरे फर्श की अच्छी तरह सफाई करें। जिस हिस्से पर गंदगी या कालिख ज्यादा नजर आ रही हो, वहां आप दोबारा पोछा भी लगा सकते हैं ताकि फर्श बिल्कुल नया जैसा चमकने लगे।




















