मंगलवार की सुबह अचानक ही मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के काम करना बंद देने से इसके इस्तेमाल करने वालों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भारत के साथ-साथ एशिया के कई अन्य देशों में लोगों ने ऐप को ओपन करने, चैट करने और अपने अकाउंट में साइन इन करने को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इंटरनेट सेवाओं पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector पर इस तकनीकी खराबी को लेकर बड़ी संख्या में यूजर्स ने तुरंत रिपोर्ट करना शुरू कर दिया था।
सिंगापुर और एशियाई देशों में असर
इस तकनीकी समस्या का सबसे ज्यादा प्रभाव सिंगापुर में देखने को मिला, जहां Downdetector पर मिलने वाली शिकायतों का आंकड़ा करीब 4,000 तक जा पहुंचा। सुबह लगभग 10:20 बजे से गड़बड़ी की शुरुआत हुई और देखते ही देखते 10:30 बजे के कुछ ही पलों बाद यह अपने चरम पर पहुंच गई। हालांकि टेलीग्राम की यह दिक्कत केवल सिंगापुर तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के तमाम अन्य देशों में भी इसका असर स्पष्ट रूप से महसूस किया गया।
शिकायतों के आंकड़े और समय
Downdetector से मिले आंकड़ों के अनुसार, पीक समय के दौरान सिंगापुर में सबसे ज्यादा करीब 4,000 रिपोर्ट दर्ज की गईं, जिसके बाद शिकायतों की संख्या में तेजी से गिरावट भी आई। सुबह 11:30 बजे तक वहां दर्ज होने वाली रिपोर्ट्स घटकर करीब 350 के आसपास रह गईं थीं। हालांकि, इसके बाद दोपहर के वक्त शिकायतों की संख्या में एक बार फिर से उछाल देखने को मिला और कुछ देर बाद यह दोबारा कम हो गई।
यूजर्स को किस तरह की परेशानियां हुईं
सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग आधे यानी 50 फीसदी यूजर्स को सीधे तौर पर टेलीग्राम ऐप के इस्तेमाल में दिक्कतें आईं, जबकि करीब 43 प्रतिशत लोगों ने मैसेज भेजने और प्राप्त करने से जुड़ी समस्याएं बताईं। इसके अलावा, लगभग 7 फीसदी यूजर्स ऐसे भी थे जिन्हें अपने अकाउंट में लॉगइन करने में असुविधा का सामना करना पड़ा।
ग्लोबल शटडाउन नहीं बल्कि रीजनल आउटेज
स्थिति यह थी कि कुछ यूजर्स के लिए टेलीग्राम पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहा था, जबकि अन्य लोगों को चैट लोड होने या संदेश भेजने में लगातार रुकावटें आ रही थीं। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि यह कोई पूर्ण वैश्विक शटडाउन नहीं था, बल्कि एक अस्थायी और क्षेत्रीय आउटेज था जिसने चुनिंदा क्षेत्रों और कुछ चुनिंदा यूजर्स को ही प्रभावित किया।



















