म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो चुके हैं। इस चर्चित जोड़े ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक भव्य समारोह के दौरान विवाह किया। इस हाई-प्रोफाइल शादी में दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज रजनीकांत और राजनेता एमके स्टालिन सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। ग्रीस में हुई इस ग्रैंड शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और हर तरफ इनकी चर्चा हो रही है। इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने किसी भी पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान या रीति-रिवाज का पालन करने के बजाय एक बिल्कुल अलग और आधुनिक रास्ते को चुना, जिसकी अब हर जगह बात हो रही है।
बिना पंडित और मंत्रों के हुआ अनोखा विवाह
इस भव्य विवाह समारोह में न तो कोई पंडित मौजूद था, न ही वैदिक मंत्रों का उच्चारण हुआ और न ही सात फेरे लिए गए। इसकी जगह काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने आपसी समानता और एक-दूसरे के प्रति प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देते हुए 'सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग' की शैली को अपनाया। इस बात की पुष्टि डीएमके नेता टीआरबी राजा ने सोशल मीडिया पर की है, जिससे इन खबरों पर मुहर लग गई है कि यह जोड़ा पारंपरिक वैदिक विवाह से दूर रहा। अनिरुद्ध रविचंदर द्वारा सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा किए जाने के बाद से ही इस बात कयास लगाए जा रहे थे कि यह जोड़ा एक अलग परंपरा से बंधा है। तस्वीरों में अनिरुद्ध को काव्या को चेन पहनाते हुए देखा गया, जिसके बाद इंटरनेट पर यह बहस छिड़ गई कि क्या यह एक गैर-वैदिक विवाह था। टीआरबी राजा ने एक्स पर इस बात की पुष्टि की कि काव्या और अनिरुद्ध ने एक-दूसरे को माला पहनाई और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी बताया कि रजनीकांत ने दोनों को एक-एक चेन भेंट की और दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को चेन पहनाकर अपने इस रिश्ते की शुरुआत की, जिसे वहां मौजूद उनके परिवार और दोस्तों ने पूरा आशीर्वाद दिया।
क्या होती है सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग?
अगर 'सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग' की बात की जाए, तो इस अनूठी विवाह प्रथा की जड़ें तमिलनाडु के इतिहास से जुड़ी हैं। इसकी शुरुआत मशहूर समाज सुधारक पेरियार ई. वी. रामासामी द्वारा चलाए गए 'सेल्फ रिस्पेक्ट मूवमेंट' के दौरान हुई थी। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली पारंपरिक प्रथाओं, जातिगत भेदभाव और विवाह समारोहों में धार्मिक पुरोहितों के वर्चस्व को चुनौती देना था। सेल्फ-रिस्पेक्ट वेडिंग के तहत दूल्हा और दुल्हन किसी भी पंडित या धार्मिक मंत्रों के बिना केवल गवाहों की मौजूदगी में एक-दूसरे के प्रति अपनी कमिटमेंट जाहिर करते हैं। इसमें वे एक-दूसरे को माला या अंगूठी पहनाकर पति-पत्नी के रूप में स्वीकार करते हैं। इस तरह के विवाह में किसी भी प्रकार के पुरोहित या जटिल धार्मिक कर्मकांड की कोई आवश्यकता नहीं होती है। तमिलनाडु सरकार ने साल 1967 में इस प्रथा को कानूनी मान्यता दी थी। 'हिंदू विवाह अधिनियम' में एक संशोधन पारित किया गया, जिसके तहत सेल्फ-रिस्पेक्ट वेडिंग को बिना किसी पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान या मंत्रोच्चार के भी कानूनी रूप से पूरी तरह वैध माना गया। ग्रीस में संपन्न हुए इस विवाह समारोह में इसी ऐतिहासिक और प्रगतिशील परंपरा को आधुनिक दौर में अपनाया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।



















