परिणीति चोपड़ा ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो साझा किया, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने पति और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के साथ मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन और आरती करती नजर आ रही हैं।
महाकाल मंदिर में भक्ति के पल
वीडियो में परिणीति पिंक रंग की साड़ी पहने हैं और पूजा के दौरान उन्होंने सिर पर पल्लू ओढ़ा हुआ है। वहीं राघव चड्ढा भी पारंपरिक पोशाक में दिख रहे हैं। दोनों भगवान शिव के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना करते और पूरी विधि से आरती में हिस्सा लेते दिखाई देते हैं। इस वीडियो को देखकर फैंस काफी भावुक हो गए और कमेंट सेक्शन में परिणीति की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
गर्भावस्था का वह खास सुबह का पल
परिणीति ने इस वीडियो के साथ एक बेहद भावुक कैप्शन लिखा। उन्होंने अपने शब्दों में बताया, "मैंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान एक शांत सुबह में शिव स्तुति 'नमामि शमिशम' रिकॉर्ड करने का फैसला किया था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि इसे इतना प्यार मिलेगा। यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है कि यह आपकी सुबह की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन गई है, ठीक वैसे ही जैसे यह सालों से हमारे परिवार की आध्यात्मिक दिनचर्या का हिस्सा रही है।"
यूट्यूब पर जारी की शिव स्तुति
परिणीति ने इसी भजन 'नमामि शमिशम' को हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया था। उन्होंने बताया था कि यह शिव स्तुति उनकी जिंदगी का एक बेहद भावुक अध्याय बन चुकी है। जब भी वह इसे सुनती हैं, गर्भावस्था के वे सुंदर पल उनकी आंखों के सामने जीवंत हो उठते हैं।
परिणीति और राघव की प्रेम कहानी
अगर इस जोड़े की मुलाकात और शादी की बात करें तो उनकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती। दोनों पहली बार लंदन में एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान मिले थे, जहां दोनों को अपने-अपने क्षेत्र में सम्मान मिला था। शुरुआत में यह महज एक औपचारिक मुलाकात थी, लेकिन राघव ने परिणीति को ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए आमंत्रित किया और वहीं से दोनों के बीच एक खास बंधन बनना शुरू हो गया।
इसके बाद दोनों की मुलाकातें लगातार होती रहीं। जब परिणीति फिल्म 'चमकीला' की शूटिंग के सिलसिले में पंजाब में थीं, राघव उनसे मिलने वहां पहुंचे। कुछ ही समय में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया और मई 2023 में सगाई की। इसके बाद 24 सितंबर 2023 को दोनों ने राजस्थान के उदयपुर में शाही अंदाज में विवाह किया, जिस समारोह में बॉलीवुड और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।













