भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर अब मुंबई के एक शानदार अपार्टमेंट में रहेंगे। उन्होंने यह लग्जरी फ्लैट शहर के वर्ली इलाके में तीन साल की अवधि के लिए किराये पर लिया है और इस पूरे लीज पीरियड का कुल किराया 7.14 करोड़ रुपये तय हुआ है। वर्ली को मुंबई के सबसे नामी और लोगों की पहली पसंद वाले रिहायशी इलाकों में गिना जाता है। यह इलाका अपने भव्य वॉटरफ्रंट डेवलपमेंट, खूबसूरत स्काईलाइन और शानदार कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता है। साउथ-सेंट्रल मुंबई में बसा यह क्षेत्र अपने प्रीमियम लाइफस्टाइल, कारोबारी अहमियत और लंबे समय के निवेश के लिहाज से बेहद आकर्षक माना जाता है।
पहले साल हर महीने चुकाना होगा 18.50 लाख रुपये किराया
प्रॉपटेक कंपनी Square Yards की जानकारी के मुताबिक, श्रेयस अय्यर ने यह डील इसी महीने रजिस्टर कराई है। इस अपार्टमेंट के लिए शुरुआती किराया 18.50 लाख रुपये प्रति माह रखा गया है। मुंबई के कुछ सबसे खास रेसिडेंशियल टावर और समुद्र की ओर खुलने वाले घर इसी इलाके में होने की वजह से यह जगह बिजनेस लीडर्स, सीनियर प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और प्रीमियम जीवनशैली पसंद करने वाले लोगों को खूब लुभाती है।
वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और समुद्र के नजारों से कायम है वर्ली का दबदबा
मुंबई के वर्ली को बांद्रा-वर्ली सी लिंक, ईस्टर्न फ्रीवे और शहर की अहम सड़कों के जरिए बेहतरीन कनेक्टिविटी हासिल है। यहां से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), नरीमन पॉइंट, लोअर परेल और फोर्ट जैसे बड़े बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। अपनी शानदार लोकेशन, वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, समुद्र के मनमोहक नजारों और रईस खरीदारों एवं किराएदारों की जबरदस्त मांग के चलते वर्ली आज भी मुंबई के सबसे पसंदीदा और महंगे रियल एस्टेट बाजारों में शुमार है।
सिर्फ सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर दिए 74 लाख रुपये
स्क्वायर यार्ड्स द्वारा देखे गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, वर्ली स्थित आर्टेसिया में किराये पर लिया गया यह अपार्टमेंट 360 वर्ग मीटर (3,875 वर्ग फुट) में फैला है। इस डील में 4 कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। इसे 1.84 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी, 1,000 रुपये के रजिस्ट्रेशन चार्ज और 74 लाख रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट के साथ रजिस्टर कराया गया है।
तीन साल में कुल 7.14 करोड़ रुपये का किराया
'स्क्वायर यार्ड्स' के विश्लेषण के अनुसार, इस लीज की अवधि 36 महीने तय की गई है। तय मासिक किराया पहले साल 18.50 लाख रुपये प्रति माह से शुरू होता है, जो दूसरे साल करीब 7% बढ़कर 19.79 लाख रुपये हो जाता है। तीसरे साल में यह फिर लगभग 7% बढ़कर 21.18 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। इस हिसाब से पूरे तीन साल के लीज पीरियड में चुकाया जाने वाला कुल किराया 7.14 करोड़ रुपये बैठता है।













