पंजाब की शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में जालंधर वारियर्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। लीग के 11वें मुकाबले में लुधियाना लायंस के गेंदबाजों को उन्होंने महज 39 गेंदों पर 90 रन जड़कर धो डाला। इस पारी में 6 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।
लगातार तीसरे मैच में बड़ी पारी
प्रभसिमरन के लिए यह लगातार तीसरा मैच था जिसमें उन्होंने 50 से ज्यादा रन बनाए। लुधियाना के खिलाफ इस पारी से ठीक पहले उन्होंने अमृतसर सूरमा के खिलाफ 125 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसने उनकी फॉर्म को और मजबूत कर दिया।
सीजन में अब तक दो शतक, दो अर्धशतक
इस सीजन में प्रभसिमरन का बल्लेबाजी रिकॉर्ड देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे कितने विस्फोटक फॉर्म में हैं। उन्होंने सीजन के पहले ही मैच में फाजिल्का फाल्कन्स के खिलाफ 42 गेंदों पर 76 रन बनाए थे। इसके बाद अमृतसर सूरमा के खिलाफ 47 गेंदों में 125 रन ठोके। इस पारी के बाद भटिंडा रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 110 रनों की पारी खेली और अब लुधियाना लायंस के खिलाफ 90 रन बनाकर उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक दो शतक और दो अर्धशतक पूरे कर लिए हैं।
आईपीएल में भी दिखा चुके हैं ऐसा ही तेवर
प्रभसिमरन सिंह का यह विस्फोटक अंदाज पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले वे आईपीएल में भी अपने बल्ले से गेंदबाजों पर कहर बरपा चुके हैं। एक पारी में उन्होंने लगातार 6 गेंदों पर 6 चौके जड़े थे, जो आईपीएल के इतिहास में तीसरी बार हुआ था। आईपीएल 2026 में उन्होंने क्रिस गेल का एक रिकॉर्ड तोड़ते हुए संजू सैमसन, इशान किशन और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया था। वहीं आईपीएल 2025 में उन्होंने सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 203 के स्ट्राइक रेट से 69 रन बनाए थे। एक मौके पर 80 रन की पारी खेलने का श्रेय उन्होंने रिकी पोंटिंग की बजाय युवराज सिंह को दिया था।


















