रोज़ की रसोई में दाल, सब्ज़ी, करी, चटनी और ग्रेवी को स्वादिष्ट बनाने वाला लहसुन जितना ज़रूरी है, उसकी कलियां छीलना उतना ही थकाऊ काम माना जाता है। छोटी-छोटी कलियों को एक-एक करके छीलने में समय भी काफी लगता है और हाथों को भी मेहनत करनी पड़ती है। खासकर तब जब किसी रेसिपी के लिए एक साथ ज़्यादा मात्रा में लहसुन चाहिए हो, तो यह काम और बड़ा लगने लगता है। कुछ आसान किचन ट्रिक्स अपनाकर इस पूरी प्रक्रिया को कुछ ही सेकंड में निपटाया जा सकता है।
चाकू के सपाट हिस्से वाला तरीका
सबसे पहला और सबसे पुराना तरीका है लहसुन की एक कली को चॉपिंग बोर्ड पर रखकर उसके ऊपर चाकू का सपाट हिस्सा रख देना। इसके बाद हल्का सा दबाव डालते ही कली का छिलका ढीला पड़ जाता है और आसानी से अलग हो जाता है। यह तरीका खासतौर पर करी और ग्रेवी बनाने के लिए फायदेमंद माना जाता है क्योंकि दबाव पड़ने से लहसुन का स्वाद और खुशबू जल्दी बाहर निकलती है, जिससे पकवान का ज़ायका भी बेहतर होता है।
दो बाउल को हिलाकर छीलने की ट्रिक
अगर एक साथ ज़्यादा लहसुन छीलना हो तो कलियों को अलग करके एक बड़े स्टील या कांच के बाउल में डाल दें। इसके ऊपर दूसरा बाउल उल्टा रखकर दोनों को कसकर पकड़ें और 20 से 30 सेकंड तक ज़ोर से हिलाएं। इस दौरान कलियों के आपस में रगड़ खाने से छिलके अपने आप अलग हो जाते हैं और कई कलियां एक ही बार में साफ मिल जाती हैं। बड़ी मात्रा में लहसुन छीलना हो तो यह तरीका काफी समय बचाता है।
माइक्रोवेव में हल्की गर्मी वाला उपाय
लहसुन की कलियों को 15 से 20 सेकंड के लिए माइक्रोवेव में रख दें। इतनी देर की हल्की गर्मी मिलने से कलियों का छिलका ढीला पड़ जाता है और वह आसानी से उतर जाता है। इस तरीके में एक बात का खास ध्यान रखना ज़रूरी है कि लहसुन को तय समय से ज़्यादा देर तक गर्म न किया जाए, क्योंकि ऐसा करने पर उसका स्वाद बदल सकता है।
उबलते पानी में डुबोने का तरीका
एक बाउल में लहसुन की कलियां डालकर उन पर उबलता हुआ पानी डाल दें। करीब एक मिनट बाद पानी निकाल दें, इसके बाद छिलका बड़ी आसानी से उतर जाता है। इस तरीके की खासियत यह है कि गर्म पानी की भाप से छिलका तो ढीला पड़ता है, लेकिन लहसुन का असली स्वाद प्रभावित नहीं होता।
ताज़े लहसुन और बड़े बैच के लिए सुझाव
ताज़ा लहसुन पुराने लहसुन के मुकाबले कहीं ज़्यादा आसानी से छिलता है, इसलिए हो सके तो ताज़ी कलियां ही इस्तेमाल करें। लहसुन को कमरे के तापमान पर रखने से भी उसका छिलका जल्दी और आसानी से निकल जाता है। अगर एक बार में बहुत बड़ी मात्रा में लहसुन छीलना हो, तो पहले बाउल शेकिंग वाली ट्रिक अपनाएं और उसके बाद जो कलियां बच जाएं, उन पर चाकू वाला तरीका इस्तेमाल करें। इस तरह दोनों तरीकों को मिलाकर पूरा काम बेहद कम समय में पूरा हो सकता है।


















