अगर आप हेल्दी डाइट में चिया सीड्स शामिल करते हैं तो सिर्फ इसे खाना काफी नहीं है, सही तरीका जानना भी उतना ही जरूरी है। हाई फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर चिया सीड्स को सुपरफूड की कैटेगरी में गिना जाता है, यही वजह है कि बीते कुछ सालों में लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। लेकिन ज्यादातर लोग इसे गलत तरीके से खाते हैं, जिसकी वजह से शरीर को फायदे की बजाय नुकसान झेलना पड़ता है। कैलिफोर्निया में प्रैक्टिस करने वाले गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर सौरभ सेठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो के जरिए बताया है कि चिया सीड्स को कब, कैसे और कितनी मात्रा में खाना चाहिए।
भिगोकर खाना क्यों है जरूरी
डॉक्टर सौरभ सेठी के मुताबिक चिया सीड्स को कभी भी सूखा नहीं खाना चाहिए। सूखे चिया सीड्स पेट में जाकर पचने में दिक्कत करते हैं, जिससे ब्लोटिंग जैसी परेशानी हो सकती है। इससे बचने के लिए चिया सीड्स को खाने से पहले हमेशा भिगोकर रखें। सबसे अच्छा तरीका यह है कि इन्हें रातभर पानी में भिगोकर रखा जाए। अगर रात में भिगोना याद नहीं रहा, तो कोई बात नहीं, खाने से करीब बीस मिनट पहले भी इन्हें पानी में भिगोया जा सकता है। भिगोने के बाद चिया सीड्स आसानी से पचते हैं और शरीर को इनका पूरा फायदा मिलता है।
चिया ड्रिंक या चिया योगर्ट, क्या है बेहतर विकल्प
चिया सीड्स को पानी में भिगोकर पीने वाले चिया ड्रिंक्स के मुकाबले चिया योगर्ट ज्यादा फायदेमंद माना गया है। दरअसल, दही में मिलाकर चिया सीड्स खाने से शरीर को फाइबर के साथ-साथ प्रोबायोटिक्स भी मिलते हैं। यह प्रोबायोटिक्स गट में गुड बैक्टीरिया की संख्या बढ़ाते हैं, जिससे पाचन तंत्र और गट हेल्थ दोनों बेहतर होते हैं। हालांकि, चिया योगर्ट बनाने से पहले भी चिया सीड्स को भिगोना जरूरी है। इसके अलावा चिया वॉटर यानी सादे पानी में भिगोए हुए चिया सीड्स का सेवन भी सेहत के लिहाज से फायदेमंद बताया गया है।
दिन के किस समय खाएं चिया सीड्स
डॉक्टर सौरभ सेठी की सलाह है कि चिया सीड्स का सेवन हमेशा सुबह के समय करना चाहिए। सुबह के वक्त इसमें मौजूद फाइबर पेट की सफाई बेहतर तरीके से करता है, जिससे पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। इसके अलावा सुबह चिया सीड्स खाने से शरीर को दिनभर के लिए जरूरी हाइड्रेशन मिलता है, जिससे शरीर पूरे दिन ऊर्जा से भरपूर महसूस करता है।
गट हेल्थ के साथ-साथ पूरी सेहत के लिए फायदेमंद
डॉक्टर सौरभ सेठी के मुताबिक चिया सीड्स सिर्फ गट हेल्थ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी सेहत के लिए फायदेमंद हैं। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड दिमाग और लिवर को हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा चिया सीड्स में मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो हड्डियों की मजबूती और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं।
एक दिन में कितने चिया सीड्स खाना है सुरक्षित
चिया सीड्स भले ही सेहत के लिए फायदेमंद हों, लेकिन इनकी मात्रा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। ज्यादा चिया सीड्स खाने से सेहत को फायदे की बजाय नुकसान हो सकता है। यही वजह है कि डॉक्टर सौरभ सेठी की सलाह है कि रोजाना एक चम्मच से ज्यादा चिया सीड्स का सेवन न किया जाए। तय मात्रा से ज्यादा सेवन करने पर पाचन से जुड़ी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं, इसलिए संतुलित मात्रा में ही इसे डाइट का हिस्सा बनाना बेहतर है।



















