वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व के घने जंगलों में सांपों की कुल 45 प्रजातियां पाई जाती हैं। इन सभी जीवों की अपनी विशेषताएं हैं, लेकिन इनमें से एक ऐसा सांप भी मौजूद है जो अपनी दुर्लभता और अत्यधिक घातक जहर के लिए जाना जाता है। जानकारों के अनुसार यह सांप भारत के चार सबसे जहरीले जीवों में शुमार है, जिसे स्थानीय स्तर पर सुस्कार के नाम से भी पुकारा जाता है।
भारत के चार सबसे खतरनाक सांपों में गिनती
वन्यजीवों के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय विशेषज्ञ अभिषेक बताते हैं कि रसल वाइपर देश के उन चार प्रमुख सांपों में शामिल है जिन्हें बिग फोर कहा जाता है। ये वही प्रजातियां हैं जो भारत में सबसे अधिक सांप काटने की घटनाओं और उसके बाद होने वाली मौतों के लिए मुख्य रूप से उत्तरदायी मानी जाती हैं। इस श्रेणी में रसल वाइपर के अलावा स्पेक्टिकल्ड कोबरा, कॉमन करैत और सॉ स्केल्ड वाइपर के नाम आते हैं।
अलग-अलग सांपों के जहर का शरीर पर असर
इन चारों खतरनाक सांपों के विष की प्रवृत्ति भी अलग होती है। स्पेक्टिकल्ड कोबरा और कॉमन करैत के शरीर में न्यूरोटॉक्सिक जहर पाया जाता है, जो सीधे तौर पर तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। इसके खून में मिलते ही पीड़ित व्यक्ति का नर्वस सिस्टम तेजी से नष्ट होने लगता है और वक्त पर चिकित्सा सहायता न मिलने पर जान जाना तय माना जाता है।
हेमोटॉक्सिक जहर का खौफनाक असर
दूसरी तरफ सॉ स्केल्ड वाइपर और रसल वाइपर हेमोटॉक्सिक वेनम से लैस होते हैं। इस श्रेणी का जहर जैसे ही शरीर के खून में घुलता है, वैसे ही रक्त का थक्का जमाने वाले जरूरी प्रोटीन या तो नष्ट हो जाते हैं या बुरी तरह प्रभावित होते हैं। इसके प्रभाव से खून या तो बहुत अधिक पतला हो जाता है या फिर शरीर के अंदर ही जेली की तरह जमने लगता है। सांप के काटने वाली जगह पर असहनीय दर्द उठता है और कुछ ही पलों में पूरा हाथ या पैर सूजकर नीला पड़ने लगता है। उचित समय पर एंटीवेनम या इलाज न मिलने पर पीड़ित की बहुत ही कष्टदायक मौत हो जाती है।


















