मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बनी एक अवैध मस्जिद को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को इस अवैध ढांचे को तुरंत हटाने का निर्देश जारी किया है। इसके तहत मस्जिद के मुख्य द्वार पर आधिकारिक नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है, जिसमें निर्माण को अवैध करार दिया गया है।
दस्तावेज नहीं आए काम
जांच के दौरान यह सामने आया कि मेसर्स अशबुल जन्ना एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से इस निर्माण को कानूनी रूप से वैध साबित करने के लिए जो भी कागजात या दस्तावेज जमा किए गए थे, वे नाकाफी साबित हुए। प्राधिकरण का कहना है कि महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के प्रावधानों के तहत इस प्रकार के निर्माण को कोई संरक्षण नहीं मिल सकता है। मरोल स्थित सीटीएस नंबर 1405 पर बनी यह मस्जिद पूरी तरह से सरकारी नियमों के विरुद्ध और अनधिकृत पाई गई है।
प्रशासन का कड़ा रुख और नियम
जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार के राजस्व एवं वन विभाग की ओर से 7 सितंबर 2010 और 10 अक्टूबर 2013 को जारी सर्कुलर का हवाला दिया गया है। इसके तहत MIAL को आदेश मिलते ही इस गैर-कानूनी निर्माण को फौरन गिराना होगा। इसके अलावा, इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट डिप्टी कलेक्टर और संबंधित अनधिकृत निर्माण नियंत्रण विभाग को सौंपनी अनिवार्य होगी। यदि तय समय सीमा और निर्देशों के तहत यह कार्रवाई नहीं की जाती है, तो MIAL के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















