देश का बिजली क्षेत्र इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। अब तक जहां जोर सिर्फ ज्यादा से ज्यादा क्षमता जोड़ने पर था, वहीं अब फोकस भरोसेमंद और तय बिजली आपूर्ति देने वाले मॉडल की तरफ शिफ्ट हो रहा है। आने वाले सालों में बिजली की मांग में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है, और इसी वजह से एनटीपीसी, सीईएससी, टाटा पावर, एनएचपीसी और जेएसडब्ल्यू एनर्जी जैसे शेयरों में अच्छी ग्रोथ की संभावना दिख रही है। यह आकलन एचडीएफसी इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की एक रिपोर्ट में सामने आया है।
मई 2026 में देश की पीक पावर डिमांड 270 GW के पार पहुंच गई। इस वजह से तय और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति यानी "फर्म" पावर की जरूरत और बढ़ गई है। बिजली की मजबूत मांग का फायदा उठाने की क्षमता रखने वाले कई पावर शेयरों का वैल्यूएशन अभी आकर्षक बना हुआ है।
एनटीपीसी सबसे पसंदीदा दांव
रिन्यूएबल एनर्जी की ओर तेजी से बढ़ते कदम और साफ वित्तीय तस्वीर की वजह से एनटीपीसी इस सेक्टर में सबसे पसंदीदा शेयरों में गिना जा रहा है। आकर्षक वैल्यूएशन के दम पर एनटीपीसी के लिए 400 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया गया है। दोपहर 2:17 बजे बीएसई पर यह शेयर 1.3% की गिरावट के साथ 359.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था, और कंपनी का मार्केट कैप 3,49,031.5 करोड़ रुपये रहा।
सीईएससी और टाटा पावर के टारगेट
सीईएससी के लिए बेस केस में 210 रुपये और बुल केस में 221 रुपये प्रति शेयर का टारगेट रखा गया है। यह शेयर बीएसई पर 0.73% गिरकर 169.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जबकि इसका मार्केट कैप 22,528.07 करोड़ रुपये रहा।
टाटा पावर को 'बाय' रेटिंग दी गई है, जिसमें बेस टारगेट 430 रुपये और बुल टारगेट 460 रुपये प्रति शेयर है। दोपहर 2:30 बजे यह शेयर 0.69% की गिरावट के साथ 395.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और इसका मार्केट कैप 1,26,391.66 करोड़ रुपये था।
पावर ग्रिड पर भी 'बाय' रेटिंग
एचडीएफसी इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने 430 रुपये प्रति शेयर के टारगेट और 460 रुपये के बुल टारगेट के साथ 'बाय' रेटिंग दी। पावर ग्रिड का शेयर आज बीएसई पर 0.10% की मामूली गिरावट के साथ 291.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था, और इसका मार्केट कैप 2,71,531.13 करोड़ रुपये रहा।
जेएसडब्ल्यू एनर्जी और एनएचपीसी
जेएसडब्ल्यू एनर्जी को भी 'बाय' रेटिंग मिली है, जिसमें बुल केस में 639 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया गया है। दोपहर 2:34 बजे यह शेयर 0.99% गिरकर 579.3 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और इसका मार्केट कैप 1,05,150.23 करोड़ रुपये था।
एनएचपीसी के लिए बुल केस में 85 रुपये प्रति शेयर का टारगेट तय किया गया है। बाकी शेयरों से अलग, यह शेयर 2.65% की बढ़त के साथ बीएसई पर 79.89 रुपये पर कारोबार कर रहा था।













