मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान नामांकन खारिज किए जाने का मामला अब जबलपुर हाईकोर्ट पहुंच गया है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने मंगलवार को जबलपुर हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर इस फैसले को कानूनी रूप से चुनौती दी है. उन्होंने बताया कि यह याचिका कानून में तय 45 दिनों की समय-सीमा के भीतर ही दाखिल की गई है, यानी प्रक्रियात्मक रूप से कोई देरी नहीं हुई है.
क्या है पूरा विवाद
मामला मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से जुड़ा है, जिसके लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार घोषित किया था. पार्टी के पास इस सीट पर जीत दर्ज कराने के लिए पर्याप्त संख्या बल भी मौजूद था. लेकिन 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनका फॉर्म खारिज कर दिया गया, जिसके बाद कांग्रेस का यह दावा प्रभावित हो गया.
निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल
मीनाक्षी नटराजन ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के रवैये पर सीधे सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग के अधिकारी 'कॉम्प्रोमाइज्ड' यानी प्रभाव में काम कर रहे थे. उनका कहना है कि जिस आधार पर उनकी आपत्ति को खारिज किया गया, उस मुद्दे का प्रक्रिया के दौरान कहीं संज्ञान ही नहीं लिया गया था. उन्होंने यह भी साफ किया कि नामांकन खारिज होने में न तो कांग्रेस के किसी नेता की गलती थी और न ही फॉर्म भरने वाले किसी व्यक्ति की. अब हाईकोर्ट में उनकी तरफ से वकील आर्यन गुप्ता पैरवी करेंगे.
सुप्रीम कोर्ट पहले ही कर चुका है इनकार
यह पहला मौका नहीं है जब मीनाक्षी नटराजन ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी हो. इससे पहले उन्होंने सीधे सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था और रिट याचिका दाखिल की थी. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था. शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि इस तरह के चुनावी विवादों में सीधे रिट याचिका के जरिए सुनवाई संभव नहीं है. कोर्ट ने उन्हें सलाह दी थी कि अगर उन्हें फैसले पर आपत्ति है, तो वे कानून के तहत तय प्रक्रिया के अनुसार विधिवत चुनाव याचिका दाखिल करें. सुप्रीम कोर्ट की इसी सलाह के बाद अब उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है.
न्याय की उम्मीद में मीनाक्षी नटराजन
मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि हाईकोर्ट से उन्हें न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा कि वह अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा के लिए यह कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी.



















