जब कॉलेज के तीन दोस्तों के सामने किसी खास मौके पर पहनने के लिए सही कपड़े न होने की समस्या आई, तो उन्होंने इसी परेशानी को एक बड़े व्यावसायिक मौके में बदल दिया। आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई कर चुके श्रेया मिश्रा, प्रणय सुराना और तुषार सक्सेना ने देखा कि शादी या पार्टियों में सिर्फ एक-दो बार पहने जाने वाले महंगे कपड़ों पर भारी रकम खर्च करना आम बात है। इसी सोच के साथ उन्होंने साल 2015 में 'फ्लाइरोब' की शुरुआत की, जिसने भारत में फैशन रेंटल के कारोबार को नई पहचान दी।
कपड़ों की कमी से निकला नया आइडिया
फ्लाइरोब की नींव तब पड़ी जब तीनों दोस्तों को एक पार्टी में जाना था और उनके पास पहनने के लिए सही कपड़े नहीं थे। उन्हें अहसास हुआ कि शादी, रिसेप्शन या किसी खास आयोजन के लिए लोग हजारों-लाखों रुपये के ब्रांडेड और डिजाइनर कपड़े खरीदते हैं, लेकिन एक या दो बार पहनने के बाद वे कपड़े अलमारी में ही पड़े रहते हैं। इससे ग्राहकों का पैसा पूरी तरह बेकार हो जाता है। तीनों युवाओं ने विचार बनाया कि अगर लोगों को ऐसे मौकों पर किफायती किराये पर ब्रांडेड कपड़े दिए जाएं, तो यह बहुत बड़ा बिजनेस बन सकता है। कंपनी का मूल मंत्र तय हुआ- 'कपड़े खरीदें नहीं, जरूरत पर किराये पर लें और इस्तेमाल के बाद वापस कर दें।'
15 लाख की शुरुआती पूंजी से सफर
तीनों संस्थापकों ने अपनी बचत से 15 लाख रुपये का फंड जुटाकर काम शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने 100 डिजाइनर कपड़ों का कलेक्शन तैयार किया और वर्डप्रेस प्लेटफॉर्म पर एक साधारण वेबसाइट बनाकर कारोबार चालू किया। शुरुआती दिनों में श्रेया मिश्रा, प्रणय सुराना और तुषार सक्सेना खुद गाड़ियों से डिलीवरी करने और कपड़े वापस लाने जाते थे। ग्राहकों से सीधे मिलकर बातचीत करने से उन्हें लोगों की पसंद, साइज और जरूरतों को गहराई से समझने का मौका मिला।
बिजनेस मॉडल और किराये का गणित
फ्लाइरोब ने कपड़ों का किराया उसकी मूल बाजार कीमत का 10 से 20 प्रतिशत तय किया। यह किराया कपड़े की फैब्रिक क्वालिटी और उसकी रिटेल वैल्यू पर निर्भर करता था। कंपनी ग्राहक को 3 से 4 दिनों तक कपड़े रखने की सुविधा देती है, जिसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि खुद जाकर कपड़ा वापस ले लेते हैं। फ्लाइरोब के कैटलॉग में लहंगे, गाउन, साड़ी, सूट, शेरवानी, टकसीडो और कई तरह के डिजाइनर परिधान शामिल किए गए।
टीम का विस्तार और 60 करोड़ का ब्रांड
फैशन रेंटल की बढ़ती मांग के साथ कंपनी ने 200 से अधिक कर्मचारियों को रोजगार देना शुरू कर दिया। कंपनी की सफलता में तीनों संस्थापकों की भूमिका बंटी हुई थी- श्रेया मिश्रा को-फाउंडर और सीईओ के रूप में बिजनेस मॉडल चलाती रहीं, प्रणय सुराना को-फाउंडर और सीओओ के पद पर ऑपरेशंस संभालते रहे और तुषार सक्सेना को-फाउंडर व सीटीओ के तौर पर टेक्नोलॉजी देख रहे थे। नवंबर 2019 में इस कंपनी को फैशन रेंटल फर्म 'रेंट इट बे' ने अधिग्रहीत कर लिया। आज यह वेंचर 60 करोड़ रुपये के ब्रांड का रूप ले चुका है।



















