रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों के लिए एक नया वार्षिक रिचार्ज प्लान पेश किया है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग और हाईस्पीड डाटा के अलावा जियोहॉटस्टार की सालभर की सब्सक्रिप्शन, मूवी टिकट पर छूट और फ्लाइट बुकिंग पर सीधा कैशबैक तक शामिल किया गया है. कंपनी ने इसे मेगा एनिवर्सरी ऑफर के तौर पर पेश किया है और दावा किया है कि हर महीने तय डाटा लिमिट के अलावा ग्राहकों को 10 जीबी हाईस्पीड डाटा अतिरिक्त भी दिया जाएगा.
सालभर फ्री मिलेगा जियोहॉटस्टार और 1000 से ज्यादा टीवी चैनल
इस मेगा एनिवर्सरी ऑफर के तहत जियो पूरे 12 महीने के लिए जियोहॉटस्टार मोबाइल ओटीटी की सब्सक्रिप्शन दे रही है, जिसमें हॉलीवुड का कॉन्टेंट भी देखा जा सकेगा. इसके साथ ग्राहकों को जियोटीवी प्रो पैक भी मिलेगा, जिसमें 1000 से ज्यादा टीवी चैनल का मजा लिया जा सकता है. इस पूरी सुविधा का इस्तेमाल जियोटीवी के जरिए किया जा सकेगा. इतना ही नहीं, इस ऑफर के तहत 12 महीने तक हर महीने ग्राहकों को 55 रुपये का वाउचर भी दिया जाएगा, जिससे कुल मिलाकर एंटरटेनमेंट पर होने वाला अलग खर्च काफी हद तक बचेगा.
120 जीबी फ्री डाटा के साथ गूगल जेमिनी का सबसे बड़ा तोहफा
जियो ने इस सालाना ऑफर में कुल 120 जीबी अतिरिक्त डाटा मुफ्त देने का वादा किया है. ग्राहकों को हर महीने 10 जीबी डाटा फ्री मिलेगा और यह सुविधा पूरे 12 महीने तक जारी रहेगी. इसके अलावा जियोएआई क्लाउड के तहत 50 जीबी का स्टोरेज स्पेस भी दिया जाएगा, जिसका इस्तेमाल फोटो और फाइल सेव करने के लिए किया जा सकता है. लेकिन इस पूरे ऑफर की सबसे बड़ी खासियत 35,100 रुपये कीमत वाला गूगल जेमिनी का 18 महीने का मुफ्त सब्सक्रिप्शन है. इसमें ग्राहकों को 5,000 जीबी का क्लाउड स्टोरेज मिलेगा और नैनो बनाना समेत कई खास फीचर भी इस्तेमाल किए जा सकेंगे.
पार्टनर कंपनियों से फ्लाइट और मूवी टिकट पर मिलेगी सीधी छूट
जियो ने अपनी पार्टनर कंपनियों के साथ मिलकर इस पैकेज में शॉपिंग और ट्रैवल पर भी अलग से छूट जोड़ी है. इस पैक को लेने वाले ग्राहक अगर ईजमाईट्रिप के जरिए फ्लाइट टिकट बुक करते हैं तो उन्हें 2,200 रुपये की छूट मिलेगी. वहीं ऑनलाइन शॉपिंग साइट आजियो से 1,000 रुपये की खरीदारी करने पर 200 रुपये की सीधी छूट खाते में वापस मिलेगी. सिनेमाघर सिनेपोलिस में मूवी टिकट बुक करने पर भी फायदा होगा, 2 टिकट खरीदने पर ग्राहकों को 150 रुपये की छूट दी जाएगी. हालांकि शर्त यह है कि टिकट की कीमत 550 रुपये से कम नहीं होनी चाहिए और यह छूट मंगलवार के दिन लागू नहीं होगी.
कीमत 3,599 रुपये, रोज मिलेगा 2.5 जीबी हाईस्पीड डाटा
जियो के इस 12 महीने वाले पैकेज की कीमत 3,599 रुपये रखी गई है. कंपनी के मुताबिक इस पूरे साल में ग्राहकों को कुल मिलाकर 912.5 जीबी डाटा मिलेगा. इसमें रोजाना 2.5 जीबी हाईस्पीड डाटा दिया जाएगा, जबकि हर महीने अतिरिक्त 10 जीबी डाटा भी जोड़ा जाएगा. इस प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ रोजाना 100 एसएमएस भेजने की सुविधा भी शामिल है. एक बार तय हाईस्पीड डाटा खत्म हो जाने के बाद ग्राहकों को 64 केबीपीएस की स्पीड से अनलिमिटेड डाटा मिलता रहेगा, जिससे इंटरनेट पूरी तरह बंद नहीं होगा.


















