बॉक्स ऑफिस पर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ जबरदस्त सफलता हासिल कर रही है। फिल्म ने न केवल शानदार कमाई की है, बल्कि दर्शकों और समीक्षकों से भी भरपूर सराहना बटोरी है। कलाकार से लेकर कहानी और संगीत तक, हर पहलू की खूब चर्चा हो रही है। इस फिल्म के संगीत ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा है, जिसमें ग्वालियर के रहने वाले गायक और संगीतकार साधु सुशील तिवारी का अहम योगदान रहा है।
फिल्म के 5 गानों को दी है अपनी आवाज
बाबा नीम करोली के जीवन और आध्यात्मिक सफर पर आधारित इस फिल्म में कुल 12 गाने हैं। इनमें से 5 गानों का संगीत निर्देशन साधु सुशील तिवारी ने किया है और उन्हें अपनी आवाज से सजाया भी है। इसके अलावा फिल्म में ऋषि पाठक ने भी संगीत दिया है। साधु तिवारी के बनाए गीत इन दिनों देश भर में गूंज रहे हैं और लोग उनके संगीत की सादगी और गहराई के कायल हो गए हैं।
‘आवागमन’ और ‘पार्वती’ गीत की खास चर्चा
इस एल्बम में साधु तिवारी द्वारा गाया, लिखा और कंपोज किया गया गाना ‘आवागमन’ सबसे ज्यादा लोकप्रिय हो रहा है। इसके अलावा उन्होंने ‘पार्वती’ गाना भी गाया है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। उनके गानों में भारतीय लोकगीतों की सोंधी खुशबू और पारंपरिक झलक साफ तौर पर दिखाई देती है, जो श्रोताओं के दिलों को छू रही है।
क्या है ‘आवागमन’ गीत का अर्थ
फिल्म का गाना ‘आवागमन’ इस समय हर किसी की जुबान पर है। इस गीत के धार्मिक और आध्यात्मिक अर्थ की बात करें तो इसमें भगवान शिव से प्रार्थना की गई है कि हे भोले शंकर, मेरे जीवन के आने-जाने के चक्र को समाप्त कर दीजिए। यहां आवागमन का मतलब जन्म और मृत्यु के उस अंतहीन चक्र से है जिससे हर भक्त मुक्ति पाना चाहता है।
पहले भी कई फिल्मों में कर चुके हैं काम
‘हनुमान अंश’ से पहले भी साधु तिवारी कई चर्चित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने साल 2014 में आई फिल्म ‘गुलाब गैंग’, साल 2019 की फिल्म ‘द रेड लैंड’ और साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘जनहित में जारी’ के लिए भी काम किया है। उनके पिछले कार्यों को भी सराहा गया था, और अब इस फिल्म के जरिए उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है।



















