मंडी के कारोबारी जगत से एक अहम खबर सामने आई है जहां देवभूमि ग्रुप कम्पनीज के संस्थापक, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राजेंद्र वशिष्ट को फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस हिमाचल प्रदेश का नया अध्यक्ष चुना गया है। यह अहम जिम्मेदारी उन्हें वर्ष 2026-28 के कार्यकाल के लिए सौंपी गई है। इस नियुक्ति से राज्य के ऑटोमोबाइल सेक्टर में उनके लंबे अनुभव, मजबूत नेतृत्व कौशल और कारोबारी सफलता पर मुहर लग गई है।
कारोबारी सफर और हुंडई व स्कोडा की डीलरशिप
राजेंद्र वशिष्ट के मार्गदर्शन में देवभूमि ग्रुप कम्पनीज ने वाहन व्यापार में अपनी एक भरोसेमंद पहचान बनाई है। समूह ने साल 2011 में ऑटोमोबाइल रिटेल सेक्टर में प्रवेश किया था जिसके बाद से निरंतर व्यापार और नेटवर्क का विस्तार होता गया। आज यह समूह प्रदेश के अग्रणी ऑटोमोबाइल डीलर समूहों में शामिल है। वर्तमान समय में देवभूमि ग्रुप हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और शिमला जिलों में हुंडई कार कंपनी का अधिकृत डीलर बना हुआ है। इन तमाम क्षेत्रों में अत्याधुनिक शोरूम और वर्कशॉप चलाए जा रहे हैं जहां उपभोक्ताओं को गाड़ियां खरीदने के साथ-साथ बिक्री के बाद की बेहतरीन सेवाएं भी मिलती हैं। इसके अलावा स्कोडा ऑटो इंडिया की संपूर्ण हिमाचल प्रदेश की डीलरशिप भी इसी समूह के पास है जिसके तहत मंडी और सोलन में आधुनिक शोरूम चल रहे हैं।
पंजाब तक विस्तार और रोजगार के अवसर
देवभूमि ग्रुप का दायरा अब हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को पार कर चुका है। समूह ने पंजाब के वाहन डीलरशिप कारोबार में भी सफलतापूर्वक कदम रख दिया है। पूरे रोपड़ जिले की टाटा मोटर्स की डीलरशिप अब देवभूमि ग्रुप के पास है। इसी के साथ यह समूह हिमाचल से बाहर निकलकर पंजाब के ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला राज्य का पहला और प्रमुख कारोबारी घराना बन गया है। व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के साथ यह समूह रोजगार सृजन में भी आगे है और प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मुहैया करा रहा है। विभिन्न जिलों में स्थित शोरूम और वर्कशॉप के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुले हैं जिससे वाहन उद्योग को भी बल मिला है।
अन्य क्षेत्रों में दखल और फाडा में नई भूमिका
वाहन उद्योग के अलावा देवभूमि ग्रुप कम्पनीज ने होटल इंडस्ट्री, सिनेमा और ग्रीन एनर्जी जैसे अन्य क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह निरंतर तरक्की राजेंद्र वशिष्ट की दूरगामी सोच और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने की क्षमता को दर्शाती है। अब फाडा के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने वाहन डीलरों के हितों को प्रभावी ढंग से उठाने का जिम्मा है। वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के डीलरों की आवाज बुलंद करने के साथ-साथ ऑटो रिटेल सेक्टर की चुनातियों और मुद्दों को मजबूती से रखेंगे।



















