झारखंड की राजधानी रांची से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां चतरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे को बदमाशों ने अगवा कर लिया. यह वारदात शहर की एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
गेट के पास हुई वारदात
खबरों के मुताबिक बदमाश स्कॉर्पियो और थार गाड़ी से पहुंचे थे. उन्होंने विधायक के बेटे को एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास घेरा और एक गाड़ी वहीं छोड़कर दूसरी गाड़ी से उसे लेकर फरार हो गए.
पुलिस हुई अलर्ट, सील किए गए एंट्री-एक्जिट प्वाइंट
घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने रांची शहर में आने-जाने वाले सभी एंट्री और एक्जिट प्वाइंट को तुरंत सील कर दिया, ताकि बदमाश शहर से बाहर न निकल सकें. इसके साथ ही पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुट गईं.
कुछ घंटों में ही पुलिस ने ढूंढ निकाला
खबरों के मुताबिक रांची पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही विधायक के बेटे को ढूंढ निकाला. हालांकि मामले की आगे की तफ्तीश अब भी जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण के पीछे किसका हाथ था.
कौन हैं जनार्दन पासवान
जनार्दन पासवान झारखंड की चतरा विधानसभा सीट से विधायक हैं और लोजपा (रामविलास) पार्टी से जुड़े हैं. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.



















