आईटी सेक्टर में नौकरी कर रहे एक युवा कर्मचारी के साथ ऐसा वाकया पेश आया जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान रह गया। शादी की खुशियों के बीच छुट्टी मांगने पहुंचे इस कर्मचारी को उसके बॉस ने ऐसा चौंकाने वाला सच बताया जिसके बाद उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुनिया की दिग्गज सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम में कार्यरत इस कर्मचारी को छुट्टी मिलने के बजाय छंटनी का सामना करना पड़ा।
कुछ समय पहले ही अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम ने अपने रीस्ट्रक्चर प्लान का आधिकारिक ऐलान किया था। कंपनी ने यह स्पष्ट किया था कि वह भारत समेत दुनिया भर के अपने कार्यबल को व्यवस्थित कर रही है। हालांकि, प्रबंधन की ओर से यह नहीं बताया गया था कि कुल कितने कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है, लेकिन इस प्रक्रिया की चपेट में भारतीय कर्मचारी भी आ गए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपना दर्द बयां करते हुए इस कर्मचारी ने बताया कि आगामी 18 नवंबर को उसकी शादी तय थी। इसके लिए उसने 9 नवंबर से 24 नवंबर तक की छुट्टी लेने की योजना बनाई थी और सारी तैयारियां भी पूरी कर ली थीं। जब वह अपने बॉस के पास छुट्टी की अर्जी लेकर पहुंचा, तब तक उसे इस बात का बिल्कुल भी अ अभाष नहीं था कि उसका नाम छंटनी सूची में शामिल है। मैनेजर से संपर्क करने पर उसे अपनी नौकरी जाने के बारे में पता चला।
कर्मचारी ने साझा किया कि मैनेजर ने उससे माफी मांगते हुए कहा कि कंपनी इस फैसले की जानकारी उसे शादी वाले सप्ताह में ही देने वाली थी। इस चौंकाने वाली खबर को सुनने के बाद भी उस कर्मचारी को एक अजीब सा सुकून महसूस हुआ, क्योंकि पिछले कई दिनों से उसके मन में छंटनी को लेकर जो असमंजस और भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, वह आखिरकार समाप्त हो गई थी।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए युवा कर्मचारी ने बताया कि वह अपनी शादी की तैयारियों के दौरान किसी भी तरह के अतिरिक्त तनाव या छंटनी के दबाव को नहीं झेलना चाहता था। नौकरी जाने को लेकर दफ्तर में तमाम तरह की अफवाहें उड़ रही थीं और इस सच के सामने आने के बाद उसे आखिरकार मानसिक शांति मिली। उसने रेडिट पर लिखा कि सच कहें तो वह अब काफी रिलैक्स्ड महसूस कर रहा है क्योंकि अनिश्चितता का वह दौर अब पीछे छूट चुका है।


















