नई दिल्ली। बारहवीं की परीक्षा पास करने के बाद तकनीकी और सॉफ्टवेयर की दुनिया में कदम रखने का सपना देखने वाले युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल सही डिग्री या कोर्स का चुनाव करने का होता है। छात्र अक्सर तीन सबसे लोकप्रिय विकल्पों यानी बीसीए, बीएससी कंप्यूटर साइंस और बीटेक कंप्यूटर साइंस को लेकर काफी उलझन में रहते हैं। ये तीनों ही कोर्स तकनीक के क्षेत्र में प्रवेश का द्वार खोलते हैं, लेकिन इनकी समयसीमा, अध्ययन का तरीका, ट्यूशन फीस और भविष्य के रोजगार के अवसरों में काफी भिन्नता पाई जाती है।
कोर्स का चुनाव और छात्र की दुविधा
कई बार विद्यार्थी बिना पूरी जानकारी के या दूसरों की देखादेखी और फीस के आधार पर किसी भी कोर्स में दाखिला ले लेते हैं। इस जल्दबाजी के कारण उन्हें बाद में अपने करियर के पड़ाव पर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ना पड़ता है। बीटेक जहां चार साल का एक तकनीकी इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम है, वहीं बीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस तीन साल की स्नातक डिग्रियां हैं। ऐसे में अपनी शैक्षिक पृष्ठभूमि, वित्तीय स्थिति और भविष्य के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर ही सही पाठ्यक्रम का चयन करना समझदारी होती है। आइए जानते हैं कि इन तीनों डिग्री कोर्स में क्या अंतर है और इनमें कितनी फीस तथा शुरुआती वेतन मिलता है।
अध्ययन की शैली और कोर्स की अवधि
सॉफ्टवेयर और आईटी उद्योग में अपनी जगह बनाने के लिए तीनों ही कोर्स अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनकी पढ़ाई का नजरिया पूरी तरह अलग है। बीटेक सीएसई चार साल की मुख्य इंजीनियरिंग डिग्री है जिसमें सॉफ्टवेयर निर्माण के अलावा हार्डवेयर, सर्किट्स, डेटा स्ट्रक्चर और एल्गोरिदम की विस्तृत पढ़ाई कराई जाती है। दूसरी ओर बीसीए तीन या चार साल का एप्लीकेशन आधारित कोर्स है जो नई शिक्षा नीति यानी एनईपी के तहत आता है, जिसका मुख्य केंद्र सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब डिजाइनिंग, जावा, पाइथन और सी प्लस प्लस जैसी कोडिंग तथा डेटाबेस प्रबंधन पर होता है। इसके अलावा बीएससी कंप्यूटर साइंस भी तीन या चार साल का कोर्स है जो मुख्य रूप से सैद्धांतिक और अनुसंधान आधारित होता है, जिसमें गणितीय आधार और तर्क पर ज्यादा जोर दिया जाता है।
वेतन पैकेज और नौकरी के अवसर
करियर और सैलरी के लिहाज से तीनों पाठ्यक्रमों के अपने अलग फायदे हैं। आईटी इंडस्ट्री में बीटेक की डिग्री धारकों को पहली प्राथमिकता दी जाती है और उनका शुरुआती पैकेज आमतौर पर सालाना पांच लाख से दस लाख रुपये के बीच होता है, जबकि प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई करने वालों को इससे भी बड़ा पैकेज मिल जाता है। बीसीए पूरा करने के बाद युवा सॉफ्टवेयर डेवलपर, वेब डेवलपर या सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में काम कर सकते हैं और उनकी शुरुआती सैलरी सालाना तीन से पांच लाख रुपये के आसपास रहती है, हालांकि इसके बाद एमसीए करने पर यह पैकेज बीटेक के बराबर पहुंच जाता है। बीएससी कंप्यूटर साइंस के बाद छात्र डेटा एनालिसिस, रिसर्च या आईटी कंसल्टिंग के क्षेत्र में जा सकते हैं, जहां शुरुआती वेतन सालाना ढाई से साढ़े चार लाख रुपये तक मिलता है और एमएससी करने पर इसका दायरा काफी बढ़ जाता है।
नई शिक्षा नीति के तहत मिलने वाले नए विकल्प
देश में नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद से कई विश्वविद्यालयों में बीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस को चार साल के ऑनर्स प्रोग्राम के रूप में भी चलाया जा रहा है। यदि कोई छात्र चार साल का ऑनर्स कोर्स पूरा कर लेता है, तो वह बिना मास्टर डिग्री के भी सीधे विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए जा सकता है या फिर सीधे पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए भी योग्य माना जाता है। सही कोर्स का चुनाव छात्र की व्यक्तिगत रुचि और उसकी आर्थिक क्षमता पर निर्भर करता है ताकि वह आईटी क्षेत्र में एक सफल भविष्य का निर्माण कर सके।



















