आम आदमी पार्टी की ओर से गंभीर आरोप सामने आए हैं कि दिल्ली पुलिस ने पार्टी विधायक कुलदीप कुमार को उनके घर से हिरासत में ले लिया है। पार्टी का कहना है कि यह कार्रवाई तब की गई जब विधायक एक दलित सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में पीड़ित परिवार के लिए न्याय और आर्थिक मुआवजे की मांग मुखरता से उठा रहे थे। पुलिस के इस कदम के बाद से विधायक के ठिकाने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है और परिवार को भी इस बारे में अंधेरे में रखा गया है।
सादी वर्दी में पहुंचे लगभग 20 पुलिसकर्मी
पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे लगभग 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कुलदीप कुमार के आवास पर पहुंचे। आरोप है कि ये अधिकारी विधायक को जबरन अपने साथ उठाकर एक अनजान जगह पर ले गए। सौरभ भारद्वाज ने इस घटना की जानकारी एक्स पर साझा की है। परिवार के सदस्यों का यह भी कहना है कि पुलिस ने विधायक को उनका मोबाइल फोन तक साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी और न ही यह बताया कि उन्हें किस जगह ले जाया जा रहा है।
सफाई कर्मचारी की हत्या पर था विरोध प्रदर्शन
विधायक कुलदीप कुमार की टीम द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान के अनुसार, राजधानी में अनिल नाम के एक सफाई कर्मचारी की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। विधायक पिछले दो दिनों से लगातार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, मुआवजा दिलवाने और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से परिवार की मुलाकात कराने की पुरजोर मांग कर रहे थे। इसके अलावा, मृतक सफाई कर्मचारी के परिजनों पर दबाव बनाने और उनकी इच्छा के विरुद्ध शव का जबरन अंतिम संस्कार कराने के प्रयास किए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
सुबह होने वाले बड़े धरने से पहले कार्रवाई
घटना से पहले कुलदीप कुमार सोमवार से ही लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर कुछ अन्य लोगों के साथ धरने पर बैठे हुए थे। इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में मंगलवार सुबह 9:00 बजे एक बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और धरने का ऐलान किया गया था, जिसके संबंध में विधायक ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया था। कुलदीप कुमार ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो जारी किया था। इस सिलसिले में उन्होंने अन्य पोस्ट भी किए हैं। हालांकि, इन तमाम गंभीर आरोपों पर दिल्ली पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से तत्काल कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



















