आलू से बनने वाले स्नैक्स की लिस्ट में एक नाम ऐसा है जो टिक्की, पराठे और फ्रेंच फ्राइज से बिल्कुल अलग स्वाद देता है, वो है अलीगढ़ के आलू के बरूले. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से एकदम मुलायम, ये बरूले अलीगढ़ की सड़कों पर सालों से लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे अपनी रसोई में भी बड़ी आसानी से तैयार किया जा सकता है, वो भी सिर्फ आधे घंटे में.
क्यों खास है अलीगढ़ का ये स्ट्रीट स्नैक
घरों में आमतौर पर आलू की सब्जी, टिक्की, चाट या पकोड़े बनाना आम बात है, लेकिन आलू के बरूले का स्वाद इन सबसे बिल्कुल जुदा है. इसमें बेसन, चावल का आटा, अजवाइन और मसालों का ऐसा कॉम्बिनेशन इस्तेमाल होता है, जो हर बाइट में अलग ही मजा देता है. यही वजह है कि अलीगढ़ की गलियों में बिकने वाला ये स्नैक अब घर-घर में बनाया जाने लगा है और चाय के साथ लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है.
तैयारी और पकाने में कितना समय लगता है
अगर आप सोच रहे हैं कि ये रेसिपी बनाने में काफी वक्त लगेगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. सामग्री तैयार करने में महज 15 मिनट लगते हैं, जबकि पकाने में भी 15 मिनट का ही समय लगता है. यानी कुल मिलाकर 30 मिनट में ये कुरकुरा स्नैक आपकी थाली में परोसने के लिए तैयार हो जाता है, इसलिए अचानक मेहमान आने पर भी ये रेसिपी काम आ सकती है.
आलू के बरूले बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
इस रेसिपी के लिए उबले हुए आलू, बेसन, चावल का आटा, अजवाइन, चाट मसाला, लहसुन और 4 से 5 भिगोई हुई सूखी लाल मिर्च का पेस्ट चाहिए होता है. इसके अलावा बैटर बनाने के लिए थोड़ा पानी, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल भी जरूरी है. चावल का आटा ही इस रेसिपी की असली जान है, क्योंकि यही बरूले को बाहर से कुरकुरा बनाने में सबसे बड़ा रोल निभाता है.
आलू के बरूले बनाने की स्टेप बाय स्टेप विधि
सबसे पहले आलुओं को अच्छी तरह धोकर बीच से आधा काट लें. चाहें तो पहले उबालकर बाद में भी काट सकते हैं. एक बर्तन में पानी और थोड़ा नमक डालकर आलुओं को हल्का उबाल लें, लेकिन ध्यान रहे कि आलू पूरी तरह गलने न पाएं क्योंकि इन्हें बाद में तला भी जाना है.
अब एक बड़े बाउल में बेसन, चावल का आटा, अजवाइन, चाट मसाला, लहसुन और लाल मिर्च का पेस्ट डालकर उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाएं. ध्यान रखें कि बैटर न तो ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. इसके बाद उबले हुए आलुओं को इस बैटर में अच्छी तरह लपेट लें, ताकि हर टुकड़े पर बैटर की बराबर परत चढ़ जाए.
कड़ाही में तेल गर्म करें और जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब आलुओं को मध्यम आंच पर तलना शुरू करें. हल्का सुनहरा रंग आने पर इन्हें बाहर निकाल लें. इसके 2 से 3 मिनट बाद इन्हें दोबारा गर्म तेल में डालकर तलें. यही डबल फ्राई वाला तरीका है, जिसकी वजह से आलू के बरूले ज्यादा कुरकुरे और सुनहरे बनते हैं और देर तक क्रिस्पी भी बने रहते हैं.
साथ परोसने वाली चटपटी हरी चटनी
आलू के बरूले का असली मजा तभी आता है जब इसके साथ सही चटनी हो. इसके लिए मिक्सर जार में हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, बूंदी, काला नमक, नींबू का रस, दही और थोड़ा पानी डालकर एकदम मुलायम पेस्ट तैयार कर लें. यही चटनी बरूले के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है और खट्टे-चटपटे स्वाद का बैलेंस बनाती है.
कैसे परोसें आलू के बरूले
तैयार आलू के बरूले को प्लेट में रखें और ऊपर से कद्दूकस की हुई मूली और बारीक कटा प्याज डालें. साथ में हरी चटनी और तली हुई हरी मिर्च रखें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं. शाम की चाय के साथ इसका स्वाद और भी शानदार लगता है, और घर आए मेहमानों को नया स्नैक खिलाना हो तो भी ये हमेशा हिट रहता है.
बिल्कुल परफेक्ट और क्रिस्पी बरूले बनाने के टिप्स
- बैटर में चावल का आटा जरूर डालें, इससे बरूलों में जबरदस्त कुरकुरापन आता है.
- आलुओं को एक बार की जगह दो बार तलें, इस डबल फ्राई तकनीक से बरूले लंबे समय तक क्रिस्पी बने रहते हैं.
- तलते समय आंच को हमेशा मध्यम रखें, इससे आलू अंदर तक अच्छी तरह पकते हैं और बाहर से जलते भी नहीं हैं.











