हॉलीवुड की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी जी.आई. जो एक बार फिर बड़े पर्दे पर नए अंदाज में लौटने के लिए तैयार है। पैरामाउंट के बैनर तले बनने जा रही इस नई एक्शन फिल्म में हॉलीवुड स्टार ब्रैडली कूपर मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। कूपर इस फिल्म में फर्स्ट सार्जेंट ड्यूक का किरदार निभाएंगे, जो इस मिलिट्री टीम का प्रमुख चेहरा है। इससे पहले बड़े पर्दे पर ड्यूक की भूमिका चैनिंग टैटम निभा चुके हैं। इस नए प्रोजेक्ट की कमान द राइटियस जेमस्टोन्स के सह-निर्माता और अभिनेता डैनी मैकब्राइड के हाथों में सौंपी गई है, जो फिल्म का निर्देशन करेंगे।
डैनी मैकब्राइड की पसंद बने ब्रैडली कूपर
डैनी मैकब्राइड ने इस साल की शुरुआत में कई अन्य निर्देशकों को पीछे छोड़ते हुए इस मिलिट्री केंद्रित फ्रेंचाइजी के निर्देशन की जिम्मेदारी हासिल की थी। इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद मैकब्राइड ने अपनी पसंदीदा अभिनेताओं की एक सूची तैयार की थी, जिसमें ब्रैडली कूपर का नाम सबसे ऊपर था। कूपर इन दिनों अपने कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त चल रहे हैं। वह अपने खुद के निर्देशन, लेखन और अभिनय वाली ओशन्स प्रीक्वल पर काम कर रहे हैं और हाल ही में उन्होंने अपनी एक और फिल्म इज दिस थिंग ऑन पूरी की है, जिसका निर्देशन, लेखन और मुख्य अभिनय भी उन्होंने खुद किया था। इन तमाम व्यस्तताओं के बावजूद मैकब्राइड की पटकथा ने कूपर को काफी प्रभावित किया और उन्होंने इस रीबूट फिल्म के लिए हामी भर दी।
स्प्रिंगफील्ड कस्बे में होगी कोबरा से भिड़ंत
हैस्ब्रो की जी.आई. जो की दुनिया में स्पेशल मिशन्स फोर्स और दुनिया पर राज करने का इरादा रखने वाले आतंकी संगठन कोबरा के बीच संघर्ष देखने को मिलता है। इस नई फिल्म की कहानी को लेकर काफी गोपनीयता बरती जा रही है, लेकिन कुछ अहम जानकारियां सामने आ चुकी हैं। मैकब्राइड ने जुलाई महीने में जोशुआ होरोविट्ज़ के पॉडकास्ट हैप्पी सैड कन्फ्यूज्ड पर बात करते हुए बताया था कि यह कहानी ड्यूक और अन्य जो सैनिकों के इर्द-गिर्द घूमेगी। उन्होंने खुलासा किया था कि फिल्म की पृष्ठभूमि स्प्रिंगफील्ड नाम का एक कस्बा है, जो गुप्त रूप से पूरी तरह कोबरा के नियंत्रण में है और फिल्म की घटनाएं वहीं घटित होती हैं।
पुरानी फिल्मों से नहीं होगा कोई जुड़ाव
यह नया प्रोजेक्ट पिछली किसी भी जी.आई. जो फिल्म से जुड़ा नहीं होगा। इससे पहले साल 2009 में जी.आई. जो: राइज़ ऑफ द कोबरा, साल 2013 में जी.आई. जो: रीटेलिएशन और साल 2021 में प्रीक्वल फिल्म स्नेक आइज: जी.आई. जो ओरिजिन रिलीज हो चुकी हैं। इसके अलावा पहले चर्चा में रहा ट्रांसफॉर्मर्स और जी.आई. जो का क्रॉसओवर प्रोजेक्ट भी अब आधिकारिक तौर पर रद्द हो चुका है, इसलिए यह नई फिल्म अपनी एक पूरी तरह स्वतंत्र कहानी पेश करेगी। हैस्ब्रो के मशहूर खिलौनों, कॉमिक्स और एनिमेटेड सीरीज से शुरू हुई यह फ्रेंचाइजी अब ब्रैडली कूपर और डैनी मैकब्राइड की जोड़ी के साथ एक नए सफर की शुरुआत कर रही है।


















