झारखंड के धनबाद जिले के लाखों लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है. डिगवाडीह-सिंदरी-बलियापुर-गोविंदपुर मार्ग को अब राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. केंद्र सरकार ने इस सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
गडकरी ने सांसद को भेजा पत्र
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस बारे में धनबाद के सांसद ढुलू महतो को एक पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने इस सड़क परियोजना पर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी इस बारे में जरूरी निर्देश जारी किए जा चुके हैं.
दिसंबर में भेजा था प्रस्ताव, जांच में मिली हरी झंडी
पत्र के मुताबिक सांसद ढुलू महतो ने 3 दिसंबर 2025 को इस सड़क को लेकर मंत्रालय को एक प्रस्ताव भेजा था. मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर बारीकी से जांच कराई. जांच में सामने आया कि यह प्रस्तावित सड़क क्षेत्र पहले से ही तीन बड़े राष्ट्रीय राजमार्गों, एनएच-18, एनएच-218 और एनएच-19 से जुड़ा हुआ है. इलाके की कनेक्टिविटी और लोगों के रोजमर्रा के आवागमन के लिहाज से इस पूरे रूट की खास अहमियत मानी गई.
नई नेशनल हाईवे के लिए क्या हैं मानक
गडकरी के पत्र में यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार किसी भी सड़क को नया राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने से पहले कई कड़े मानकों पर परखती है. इसमें उस रूट पर यातायात का घनत्व, माल ढुलाई और यात्री परिवहन की स्थिति देखी जाती है. इसके अलावा क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक अहमियत, पर्यटन की संभावनाएं और मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से उस सड़क की कनेक्टिविटी को भी परखा जाता है. डिगवाडीह-सिंदरी-बलियापुर-गोविंदपुर मार्ग इन सभी मानकों पर खरा उतरा, जिसके बाद इसे प्राथमिकता के आधार पर नेशनल हाईवे कार्यक्रम में शामिल करने का निर्देश दिया गया.
सांसद बोले, इलाके के लिए जीवनरेखा साबित होगी सड़क
इस फैसले पर सांसद ढुलू महतो ने खुशी जताई. उन्होंने कहा कि यह सड़क धनबाद, सिंदरी, बलियापुर और गोविंदपुर सहित आसपास के लाखों लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगी. उनके मुताबिक इस मार्ग के नेशनल हाईवे बनने से क्षेत्र में आवागमन काफी आसान हो जाएगा. इससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी, कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे भी खुलेंगे. सांसद ढुलू महतो ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से धनबाद में आधारभूत ढांचे को और मजबूत किया जाएगा और विकास की यह रफ्तार आगे भी बनी रहेगी.













