नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप 2' में इन दिनों एक के बाद एक हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। शो से हाल ही में बाहर हुईं आकांक्षा चौधरी ने एग्जिट के दौरान अपनी जिंदगी का एक तकलीफदेह किस्सा साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। आकांक्षा ने बताया कि जब वह एक ब्यूटी पेजेंट की तैयारी कर रही थीं और उन्हें करीब 1 लाख रुपये की जरूरत थी, तब एक उम्रदराज शख्स ने मदद की पेशकश तो की, लेकिन बदले में शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रख दी, जिसे सुनकर खुद आकांक्षा भी सन्न रह गईं। अब बिग बॉस 11 की पूर्व कंटेस्टेंट बंदगी कालरा ने भी इस मामले पर बयान दिया है और दावा किया है कि वह उस शख्स को पहचानती हैं। उन्होंने बताया कि उस शख्स की एक गर्लफ्रेंड मुंबई में उन्हीं की बिल्डिंग में रहती है।
बंदगी कालरा का दावा
आकांक्षा चौधरी के खुलासे के तुरंत बाद बंदगी कालरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा। उन्होंने दावा किया कि वह उस शख्स को अच्छी तरह जानती हैं, जिसने आकांक्षा के सामने पैसों के बदले घटिया मांग रखी थी। बंदगी ने लिखा, "मुझे पता है कि आकांक्षा चौधरी ने किसके बारे में बात की थी।" इसके आगे उन्होंने अफसोस जताया कि इस शख्स के बारे में कोई खुलकर बात नहीं करता, जबकि उसकी एक गर्लफ्रेंड मुंबई में उनकी ही बिल्डिंग में रहती है और यह उनके लिए बेहद दुखद अनुभव है। पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में हलचल मच गई और कई यूजर्स ने बंदगी से उस शख्स का नाम बताने की मांग की। हालांकि, बंदगी ने अब तक किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
आकांक्षा के सपोर्ट में उतरे फैंस
आकांक्षा चौधरी के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा कि लड़कियां अक्सर इस तरह की बदसलूकी के बारे में इसलिए खुलकर नहीं बता पातीं, क्योंकि उन्हें पहले से पता होता है कि उल्टा उन्हीं से सवाल किए जाएंगे और उन्हें ही आलोचना झेलनी पड़ेगी। एक अन्य यूजर ने लिखा कि किसी लड़की की मजबूरी का फायदा उठाने वाले लोग आसानी से बच निकलते हैं और यह बेहद निराशाजनक है। वहीं एक तीसरे यूजर ने सीधे मुद्दे की बात करते हुए लिखा कि असली दिक्कत यह है कि कोई भी उस शख्स का नाम लेने को तैयार नहीं है, जबकि दोषी का नाम सामने आना चाहिए ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
कास्टिंग काउच की पूरी कहानी और शो से बाहर होने की वजह
आकांक्षा चौधरी हाल ही में 'लॉकअप 2' से एविक्ट हुई थीं। उनके साथ ही पामेला सेरेना का सफर भी शो में खत्म हो गया था। एविक्शन के दौरान ही आकांक्षा ने अपने साथ हुई कास्टिंग काउच की घटना का खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लेने के लिए कपड़ों, ट्रेनिंग और बाकी खर्चों को मिलाकर उन्हें करीब 1 से 2 लाख रुपये की जरूरत थी, लेकिन उनका परिवार इतनी बड़ी रकम जुटाने की स्थिति में नहीं था। पैसों की तंगी के चलते आकांक्षा ने इंडस्ट्री के उस शख्स से मदद मांगी, जिसे वह बरसों से जानती थीं। लेकिन जवाब में उस शख्स ने साफ कह दिया कि मदद के बदले उन्हें शारीरिक संबंध बनाने होंगे। आकांक्षा के इस खुलासे ने रियलिटी टीवी और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच जैसी गंभीर समस्या को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
बंदगी कालरा के इस बयान के बाद फैंस और मीडिया दोनों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह आने वाले दिनों में उस शख्स का नाम उजागर करेंगी। तब तक सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।



















