लोकप्रिय ग्रामीण कॉमेडी वेब सीरीज दुपहिया एक नए मोड़ के साथ ओटीटी पर वापसी के लिए तैयार है। निर्माताओं ने दुपहिया सीजन 2 का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें धड़कपुर गांव की शांत जिंदगी एक बार फिर हास्य और अफरा-तफरी से भरती नजर आ रही है। पहले सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद नए सीजन में भी देसी तड़का और ठहाकों का सिलसिला बरकरार रखा गया है।
धड़कपुर में मोबाइल टावर का नया फसाद
इस बार कहानी एसएससी एग्जाम से लेकर गांव में लगे मोबाइल टावर के इर्द-गिर्द घूमती है। जहां पहला सीजन एक मोटरसाइकिल चोरी के इर्द-गिर्द बुना गया था, वहीं दूसरे भाग में धड़कपुर में अपराध और अव्यवस्था के पैर पसारने का मजेदार ताना-बाना दिखाया गया है। हालात इस कदर बिगड़ते हैं कि शांत रहने वाला गांव एक अलग ही रंग में रंग जाता है और पूरा ड्रामा मोबाइल टावर पर आकर टिक जाता है।
दिग्गज कलाकारों के साथ निरहुआ की नई एंट्री
ट्रेलर में इस बार सबसे बड़ा आकर्षण भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ की एंट्री है, जो सीरीज में एक ताजा हास्य कोण जोड़ते दिख रहे हैं। उनके साथ गजराज राव, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, रेणुका शहाणे, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा जैसे मंझे हुए कलाकार अपनी पुरानी ऊर्जा के साथ लौट रहे हैं। बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और हल्के-फुल्के अंदाज ने इस ट्रेलर को रिलीज होते ही चर्चा में ला दिया है।
सोनम नैयर का निर्देशन और रिलीज की तारीख
इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का निर्देशन सोनम नैयर ने किया है। पहले पार्ट में पारिवारिक और देहाती जिंदगी के सहज पलों को जिस खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया था, उसी कहानी को आगे बढ़ाते हुए निर्देशक ने नया प्लॉट तैयार किया है। दुपहिया सीजन 2 को 1 अक्टूबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा।



















