रिश्तों में माफी देना कभी आसान नहीं होता, क्योंकि हर बार यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि सामने वाले को एक और मौका दिया जाए या नहीं. कई बार दिल की नरमी टूटते रिश्ते को बचा लेती है, तो कई बार यही नरमी सामने वाले को बार-बार गलती दोहराने की छूट दे देती है. आचार्य चाणक्य ने अपनी नीतियों में इस उलझन का बहुत व्यवहारिक हल बताया है. उनके मुताबिक क्षमा जरूर एक बड़ा गुण है, लेकिन बिना सोचे समझे हर किसी को माफ कर देना समझदारी नहीं, बल्कि कई बार आने वाले समय की सबसे बड़ी भूल बन जाती है. चाणक्य नीति में साफ बताया गया है कि किन हालात में माफी रिश्तों को मजबूत करती है और किन लोगों को बार-बार माफ करना खुद के लिए ही नुकसानदायक साबित हो सकता है.
कब देना चाहिए किसी को दूसरा मौका
पहली गलती और अनजाने में हुई चूक को चाणक्य नीति में अलग नजरिए से देखा गया है. आचार्य चाणक्य के मुताबिक इंसान से गलतियां होना कोई असामान्य बात नहीं है, यह मनुष्य के स्वभाव का ही हिस्सा है. अगर कोई व्यक्ति पहली बार, बिना किसी बुरी नीयत के कोई गलती कर बैठता है और उसे अपनी भूल का सच में पछतावा है, तो उसे सुधरने का एक मौका जरूर मिलना चाहिए. जल्दबाजी, कम अनुभव या हालात के दबाव में भी लोग कई बार गलत फैसले ले बैठते हैं, और ऐसे में सख्ती दिखाने के बजाय समझदारी से काम लेना रिश्ते को टूटने से बचा सकता है. रोजमर्रा की जिंदगी में परिवार, दोस्त या सहकर्मी अक्सर छोटी मोटी गलतियां करते ही हैं. अगर सामने वाला अपनी गलती खुलकर मान रहा है और उसे सुधारने की सच्ची कोशिश कर रहा है, तो उसे माफ करना रिश्ते के लिए फायदेमंद ही साबित होता है.
दूसरा हालात जहां माफी को सही माना गया है, वह है जब गलती करने वाला कमजोर या कम अनुभवी हो. चाणक्य नीति के अनुसार बच्चों, नए कर्मचारियों या खुद से कम अनुभव रखने वालों की छोटी छोटी गलतियों पर बहुत ज्यादा सख्ती नहीं दिखानी चाहिए. ऐसे लोगों को डांटने फटकारने के बजाय सही राह दिखाना कहीं ज्यादा असरदार होता है, क्योंकि हर इंसान सीखते सीखते ही निखरता है. अगर हर छोटी भूल पर तुरंत सजा दे दी जाए, तो आत्मविश्वास टूट सकता है और आगे सीखने की इच्छा भी कमजोर पड़ सकती है. इसीलिए जहां सुधार की गुंजाइश साफ नजर आए, वहां डांट से ज्यादा मार्गदर्शन और क्षमा दोनों जरूरी माने गए हैं.
तीसरी स्थिति उन लोगों से जुड़ी है, जिनके पास किसी को दंड देने की ताकत होती है. चाणक्य के मुताबिक असली माफी वही मानी जाती है, जो ताकत होने के बावजूद दी जाए. अगर किसी के पास सामने वाले को सजा देने का पूरा अधिकार है, लेकिन वह उसका सच्चा पछतावा देखकर उसे सुधरने का मौका देता है, तो यह कमजोरी नहीं बल्कि परिपक्वता की निशानी मानी जाती है. ऐसे फैसले लेने वाले लोगों की नेतृत्व क्षमता भी धीरे धीरे मजबूत होती जाती है. घर हो, समाज हो या ऑफिस, संतुलित व्यवहार रखने वालों को हमेशा ज्यादा सम्मान और भरोसा मिलता है.
इन लोगों को माफ करना पड़ सकता है भारी
चाणक्य नीति में सबसे सख्त चेतावनी उन लोगों के लिए दी गई है, जिनका स्वभाव ही धोखे और छल से भरा होता है. आचार्य चाणक्य कहते हैं कि जिस व्यक्ति की प्रवृत्ति ही बुरी हो, उसे बार-बार माफ करना आगे चलकर नुकसान ही देता है. इसे समझाने के लिए उन्होंने सांप का मशहूर उदाहरण दिया है, दूध पिलाने से सांप का जहर कभी खत्म नहीं होता, वह सिर्फ मौका मिलने का इंतजार करता रहता है. असल जिंदगी में भी अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग सामने वाले की नरमी और दयालुता को उसकी कमजोरी समझ बैठते हैं. ऐसे स्वभाव वाले लोगों को बार-बार मौका देना आगे चलकर बड़ा नुकसान करा सकता है, इसलिए इस मामले में सतर्कता बरतना ही बेहतर माना गया है.
दूसरी श्रेणी में वे लोग आते हैं, जो एक ही गलती को बार-बार दोहराते हैं. अगर कोई हर बार वही गलती करता है, माफी मांगकर बच निकलता है, लेकिन अपने व्यवहार में कोई असली बदलाव नहीं लाता, तो चाणक्य नीति के मुताबिक उसे बार-बार माफ करते रहना सही नहीं है. सच्चा पछतावा हमेशा इंसान के व्यवहार में झलकता है, वह सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं रहता. अगर माफी सिर्फ शब्दों तक सीमित रह जाए और काम में वही पुरानी गलती दोहराई जाती रहे, तो यह साफ संकेत है कि सामने वाला आपकी सहनशीलता का फायदा उठा रहा है, और ऐसे में लगातार क्षमा देना खुद को ही नुकसान पहुंचाने जैसा है.
तीसरी और सबसे अहम बात भरोसे से जुड़ी है. चाणक्य का मानना था कि विश्वास किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत नींव होता है. अगर कोई व्यक्ति आपके भरोसे को तोड़ता है, पीठ पीछे नुकसान पहुंचाता है या साफ तौर पर विश्वासघात करता है, तो उसे दोबारा उसी जगह भरोसा देकर बैठाना समझदारी नहीं मानी गई है. एक बार टूटा हुआ भरोसा पहले जैसा बनाना बेहद मुश्किल काम होता है, चाहे सामने वाला कितनी भी सफाई क्यों न दे. इसलिए ऐसे मामलों में भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि विवेक से फैसला लेना ही सही रास्ता बताया गया है.
न बहुत सख्त बनें, न जरूरत से ज्यादा नरम
चाणक्य नीति का सबसे बड़ा संदेश संतुलन है. आचार्य चाणक्य के मुताबिक न तो हर गलती पर कड़ी सजा देना सही है और न ही हर बार आंख मूंदकर माफी दे देना. यह सीख आज के दौर में भी उतनी ही सटीक बैठती है, चाहे बात पारिवारिक रिश्तों की हो, दोस्ती की हो या ऑफिस की, हर मामले में सामने वाले की नीयत, उसके व्यवहार और गलती की गंभीरता को समझकर ही फैसला लेना चाहिए. चाणक्य यह भी कहते हैं कि जंगल में सबसे पहले सबसे सीधे पेड़ को ही काटा जाता है. ठीक उसी तरह, जरूरत से ज्यादा नरम रहने वाला और हर किसी को आसानी से माफ कर देने वाला व्यक्ति अक्सर दूसरों के स्वार्थ का शिकार बन जाता है. इसीलिए माफी का फैसला भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि विवेक, अनुभव और परिस्थिति को ठीक से परखकर ही लेना चाहिए, यही चाणक्य की नीति का असली सार माना जाता है.
कुल मिलाकर चाणक्य नीति की यह सीख बताती है कि माफी देना कमजोरी नहीं, बल्कि एक सोचा समझा फैसला होना चाहिए. जहां सामने वाले में सुधार की सच्ची भावना दिखे, वहां एक मौका देना रिश्ते को मजबूत कर सकता है, लेकिन जहां धोखा, बार-बार वही गलती या भरोसे का टूटना दिखे, वहां माफी देने से पहले सौ बार सोचना जरूरी है.











