भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए भर्ती का तरीका तेजी से बदल रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की और साफ किया कि आने वाले समय में चयन की रफ्तार, पारदर्शिता और सटीकता तीनों बढ़ाने पर सबसे ज्यादा जोर रहेगा। इसी दिशा में बड़ा फैसला यह है कि अब सभी विभागीय परीक्षाएं CBT यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा के जरिए ही कराई जाएंगी।
टेक्नोलॉजी के सहारे तेज होगी चयन प्रक्रिया
रेल मंत्री ने भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक में RRB की भर्ती प्रक्रिया की बारीकी से पड़ताल की। उनका कहना था कि इतनी बड़ी संस्था में भर्ती को भरोसेमंद और गलती-रहित बनाने के लिए टेक्नोलॉजी पर टिका सिस्टम ही सबसे कारगर रास्ता है। इसी सोच के तहत रेलवे अब टैबलेट-आधारित टेस्टिंग का दायरा भी बढ़ाने जा रहा है, ताकि परीक्षा का संचालन और आसान तथा भरोसेमंद हो सके।
एक साल में हजारों को मिली पक्की नौकरी
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने कुल 43 हजार 781 उम्मीदवारों को नौकरी दी है। उनके मुताबिक एक व्यवस्थित और टेक्नोलॉजी-आधारित ढांचे की वजह से ही इतनी बड़ी संख्या में भर्ती तय समय में पूरी की जा सकी।
पिछले वित्त वर्ष में रेलवे ने 18 हजार 799 असिस्टेंट लोको पायलट, 14 हजार 298 टेक्नीशियन और 1 हजार 376 पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की। सालाना भर्ती कैलेंडर के तहत निकली वैकेंसी की जानकारी को उम्मीदवारों ने काफी पसंद किया: अश्विनी वैष्णव
6 श्रेणियों में 47,084 पदों पर हुई भर्ती
रेल मंत्री के शब्दों में, 'भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए, 6 प्रमुख कैटेगरी में 47 हजार 84 वैकेंसी के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी कर 43,781 उम्मीदवारों को नौकरी दी है। इनमें असिस्टेंट लोको पायलट के लिए 18 हजार 799, टेक्नीशियन के लिए 14 हजार 298, सब-इंस्पेक्टर के लिए 452, कॉन्स्टेबल के लिए 4 हजार 208, जूनियर इंजीनियर (JE)/DMS/CMA के लिए 7 हजार 951 और पैरामेडिकल कैटेगरी के लिए 1,376 वैकेंसी शामिल हैं।'
श्रेणीवार पदों की तस्वीर इस तरह रही:
- असिस्टेंट लोको पायलट (ALP): 18,799 पद
- टेक्नीशियन: 14,298 पद
- सब-इंस्पेक्टर (SI): 452 पद
- कॉन्स्टेबल: 4,208 पद
- जूनियर इंजीनियर (JE)/DMS/CMA: 7,951 पद
- पैरामेडिकल कैटेगरी: 1,376 पद
- कुल: 47,084 पद
15 भाषाओं में होती है परीक्षा
आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया गया कि RRB की भर्ती प्रक्रिया बेहद जटिल और बड़े स्तर की होती है। इसके लिए देश भर के कई शहरों और केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाती है। चूंकि उम्मीदवारों की संख्या बहुत ज्यादा रहती है, इसलिए यह कंप्यूटर-आधारित परीक्षा कई शिफ्टों में कराई जाती है। खास बात यह है कि अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि से आने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए यह परीक्षा 15 भाषाओं में आयोजित की जाती है।













