असम में 2027 में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को अब पढ़ाई के लिए कुछ और हफ्ते मिलेंगे। राज्य के स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पाया कि इस साल लगातार आई मुश्किलों से क्लासरूम की पढ़ाई पिछड़ गई है, इसलिए तय समय पर सिलेबस खत्म कर पाना मुश्किल लग रहा था।
बाढ़ और जनगणना ने बिगाड़ा शैक्षणिक कैलेंडर
असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) ने सोमवार को जारी एक नोटिफिकेशन में बताया कि राज्य के कई जिलों में हाल में आई भीषण बाढ़ और साथ ही चल रही जनगणना की गतिविधियों ने स्कूलों में सामान्य पढ़ाई की रफ्तार धीमी कर दी। बोर्ड ने अपने नोटिफिकेशन में साफ कहा कि "there is every likelihood that the course contents of class X and XII will not be completed" तय तारीख तक। यानी बोर्ड को खुद आशंका थी कि तय समयसीमा के भीतर सिलेबस पूरा नहीं हो पाएगा।
अब कब तक चलेंगी नियमित कक्षाएं
पहले दसवीं का सिलेबस फरवरी 2027 के पहले हफ्ते तक और बारहवीं का सिलेबस 28 फरवरी 2027 तक पूरा किया जाना था। अब बोर्ड ने इस समयसीमा को आगे बढ़ा दिया है। नोटिफिकेशन के मुताबिक दसवीं की नियमित कक्षाएं अब 22 फरवरी, 2027 तक चलेंगी, जबकि बारहवीं के छात्रों की पढ़ाई 8 मार्च, 2027 तक जारी रहेगी। बोर्ड का कहना है कि इससे छात्रों को क्लासरूम में ज्यादा समय मिलेगा और मौजूदा हालात की वजह से उनकी तैयारी पर असर नहीं पड़ेगा।
एचएसएलसी और एचएस फाइनल परीक्षा पर असर
पढ़ाई की अवधि बढ़ने का सीधा असर हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट यानी एचएसएलसी और हायर सेकेंडरी यानी एचएस फाइनल परीक्षा के कार्यक्रम पर पड़ेगा। बोर्ड ने बताया कि नियमित कक्षाओं की नई तारीखों को ध्यान में रखते हुए ही अब परीक्षाओं का शेड्यूल तय किया जाएगा। इसका मतलब है कि परीक्षाएं पहले तय समय से कुछ देरी से शुरू हो सकती हैं, हालांकि सटीक तारीखों का ऐलान बाद में अलग से किया जाएगा।



















