बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर सोशल मीडिया पर एक नए विवाद में घिर गई हैं और इस बार निशाने पर उनकी अपनी पुरानी एक्टिंग टीचर हैं। दरअसल भूमि पेडनेकर ने हाल ही में नीट पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन पर एक वीडियो के जरिए अपनी राय रखी थी, जिसके बाद उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब इसी बहस के बीच ‘टॉयलट एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाली भूमि पेडनेकर की पुरानी एक्टिंग टीचर श्रुति देसाई सामने आई हैं और उन्होंने एक्ट्रेस के बर्ताव को लेकर खरी-खरी सुनाई है।
श्रुति देसाई ने क्या लिखा
श्रुति देसाई ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल @shruti_atmaja से एक पोस्ट शेयर की, जो अब तेजी से वायरल हो रही है। श्रुति खुद को भूमि पेडनेकर की पुरानी एक्टिंग टीचर बताती हैं और उन्होंने एक्ट्रेस के छात्र आंदोलन को लेकर दिए गए बयान पर सीधे सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि मुंबई के एक स्कूल में कुछ समय के लिए वह भूमि पेडनेकर की टीचर रह चुकी हैं और यह याद करना उनके लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण अनुभव है। श्रुति देसाई ने एक्ट्रेस पर आरोप लगाते हुए लिखा, 'तुम अपनी टीचर के साथ बहुत रूखा और अनादरपूर्ण व्यवहार करती थीं।' इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जिम्मेदारी और सम्मान को लेकर भूमि पेडनेकर की यह नई सोच अचानक कहां से आ गई।
भूमि पेडनेकर ने आंदोलन पर क्या कहा था
विवाद की शुरुआत तब हुई जब भूमि पेडनेकर ने जंतर मंतर से शुरू हुए छात्र आंदोलन पर एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि छात्रों की मांगें सुन ली गई हैं और पेपर लीक से जुड़ा बिल भी पास हो चुका है। इसके बावजूद उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों ने आंदोलन के दौरान बायोमैट्रिक जैसी सही तकनीकी मांगें आगे क्यों नहीं रखीं। वीडियो में भूमि पेडनेकर ने युवाओं को यह भी याद दिलाया कि वे कहीं ना कहीं अपनी संस्कृति भूलते जा रहे हैं और पूछा कि क्या बच्चे अपने घर पर बुजुर्गों से इसी तरह की भाषा में बात करते हैं। उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे पर सबको एक साथ मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत है। इसी बयान में उन्होंने पीएम मोदी का अपमान करने वालों की भी कड़ी आलोचना की थी और युवाओं को आपत्तिजनक भाषा से बचने की सलाह दी थी।
यूजर्स ने क्यों घेरा भूमि पेडनेकर को
भूमि पेडनेकर के संस्कृति और भाषा को लेकर दिए इसी बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया। कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस को उनकी फिल्मों में दिखाए गए बोल्ड और फूहड़ सीन याद दिलाए और सवाल किया कि जब खुद पर्दे पर संस्कृति और मर्यादा की बात आती है तो उनका रवैया अलग क्यों होता है। इसी माहौल में अब उनकी टीचर की टिप्पणी ने विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है, जिसमें सीधे तौर पर एक्ट्रेस के निजी व्यवहार पर ही सवाल उठाया जा रहा है।



















