अपनी बेखौफ और विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर टीम इंडिया के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी धाक जमाई है। 6 सितंबर को चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने साउथ जोन के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। महज 37 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से उन्होंने 44 रन ठोक डाले, हालांकि अर्धशतक से वह सिर्फ 6 रन से चूक गए। चामा मिलिंद ने उन्हें पवेलियन भेजा, लेकिन इससे पहले वैभव ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 100 रनों की मजबूत साझेदारी निभाई थी।
नॉकआउट मुकाबलों में इस साल कमाल का रिकॉर्ड
यह वैभव के इस साल के शानदार सफर की एक और कड़ी भर है। साल 2026 के नॉकआउट मुकाबलों में उन्होंने अब तक आठवीं बार 40 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है। इन आठ पारियों को जोड़ दें तो कुल आंकड़ा 706 रन तक पहुंच जाता है, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं, यानी जब भी उन्होंने किसी नॉकआउट मैच में 40 का आंकड़ा पार किया, औसतन 88 रन से ज्यादा की पारी खेली। बड़े मुकाबलों के दबाव में लगातार बड़ा स्कोर बनाना बताता है कि यह युवा बल्लेबाज सिर्फ घरेलू क्रिकेट का नाम भर नहीं, बल्कि नॉकआउट क्रिकेट का माहिर खिलाड़ी बनकर उभरा है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप से हुई थी इस सफर की शुरुआत
वैभव के इस बेहतरीन साल की नींव अंडर-19 वर्ल्ड कप में पड़ी थी। अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली थी। इसके बाद फाइनल में इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए वैभव ने महज 80 गेंदों में 15 चौके और 15 छक्कों की मदद से 175 रनों की तूफानी पारी खेल डाली। उनकी इसी पारी की बदौलत भारत ने 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और 100 रन के बड़े अंतर से मैच जीतकर अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की।
आईपीएल के नॉकआउट मुकाबलों में भी दिखा दमखम
आईपीएल 2026 में भी वैभव लगातार दो नॉकआउट मैचों में शतक जड़ने से बाल-बाल चूक गए। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाए, जबकि क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के सामने 47 गेंदों में 96 रन ठोके। गुजरात के खिलाफ टीम ने 214 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, फिर भी राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा।
श्रीलंका और दलीप ट्रॉफी में भी बरसाए रन
इसके अलावा श्रीलंका ए के खिलाफ वनडे सीरीज के फाइनल में वैभव ने महज 20 गेंदों पर 94 रनों की आतिशी पारी खेली थी। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी उनका बल्ला खामोश नहीं रहा, सेंट्रल जोन के खिलाफ उन्होंने 92 और 40 रन की पारियां खेलीं। इसी दौरान वह दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक जमाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए और उन्होंने लक्ष्मण सिंह के 57 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अंडर-19 वर्ल्ड कप से लेकर आईपीएल, श्रीलंका ए के खिलाफ वनडे सीरीज और अब दलीप ट्रॉफी तक, वैभव सूर्यवंशी ने 2026 में लगभग हर बड़े फॉर्मेट और मुकाबले में दबाव के बीच रन बनाए हैं, जो साफ बताता है कि उनका बल्ला किसी भी हालात में खामोश नहीं रहता।


















