बिना पार्लर गए भी चेहरे पर सुनहरी चमक लाई जा सकती है, और इसके लिए सिर्फ रसोई में रखी चार-पांच चीजें काफी हैं। कविता बताती हैं कि इसके लिए सबसे पहले थोड़ा सा शहद लेना होता है। शहद प्राकृतिक तौर पर त्वचा को साफ करता है और चेहरे में चमक लाने का काम करता है।
किन चीजों से बनेगा गोल्डन ग्लो पैक
शहद के साथ इसमें हल्दी मिलाई जाती है। हल्दी में एंटी बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं और चेहरे पर जो सुनहरी चमक नजर आती है, वह असल में हल्दी की ही देन है। इसके बाद इसमें थोड़ा कच्चा दूध डाला जाता है, जो त्वचा को पोषण देने का काम करता है। कच्चे दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड रंगत निखारने में मदद करता है। जिन लोगों की स्किन ऑयली रहती है, वे इस मिश्रण में मुल्तानी मिट्टी और गुलाबजल भी मिला सकते हैं।
चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूरी
यह सारी चीजें मिलाने के बाद सीधे चेहरे पर पेस्ट लगाने की गलती नहीं करनी चाहिए। कविता की सलाह है कि पहले कान के पीछे इसका पैच टेस्ट कर लिया जाए। पैच टेस्ट के लिए पेस्ट को कान के पीछे लगाकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें, फिर उसे साफ कर लें। अगर जलन, खुजली या किसी तरह की एलर्जी नहीं होती, तभी इस पेस्ट को चेहरे पर लगाना चाहिए।
कितनी देर लगाकर रखें और कैसे धोएं
चेहरे पर पेस्ट लगाने के बाद इसे कम से कम 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें। तय समय के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लेना चाहिए। धोने के फौरन बाद एक अच्छा मॉइश्चराइजर लगाना जरूरी है और कुछ देर बाद सनस्क्रीन भी लगानी चाहिए। कविता के मुताबिक ये दोनों स्टेप बिल्कुल नहीं छोड़ने चाहिए, वरना त्वचा रूखी पड़ सकती है। इस पैक को हफ्ते में दो से तीन बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
फायदे और सावधानियां
आमतौर पर इस पैक से किसी तरह का साइड इफेक्ट नहीं होता। इसका सबसे बड़ा फायदा यही है कि पार्लर के चक्कर लगाए बिना घर बैठे ही गोल्डन ग्लो पाया जा सकता है। नियमित इस्तेमाल से धीरे-धीरे चेहरे की रंगत साफ होने लगती है, स्किन क्लियर नजर आती है और दाग-धब्बे भी कम होते जाते हैं। जरूरत के मुताबिक इसी पेस्ट को गले और गर्दन पर भी लगाया जा सकता है। पेस्ट लगाने के बाद हल्के हाथों से मसाज करें, फिर उसे सूखने दें और आखिर में ठंडे पानी से धो लें।




















