फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ इस साल की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में शामिल थी, लेकिन गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। यश दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे नहीं उतर पाए, लेकिन पांच प्रमुख अभिनेत्रियों से सजी इस फिल्म में एक अभिनेता ऐसे थे जिन्होंने खलनायक की भूमिका निभाकर पूरी लाइमलाइट अपने नाम कर ली। वह अभिनेता अक्षय ओबेरॉय थे। अब अभिनेता जल्द ही प्यार, सस्पेंस और धोखे से भरपूर नई फिल्म ‘लव लॉटरी’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अक्षय ओबेरॉय ने अपनी इस जर्नी और किस्मत बदलने को लेकर खुलकर बात की है।
बड़े सितारों के बीच चमका अभिनय
जब किसी फिल्म में सुपरस्टार यश के साथ-साथ हुमा कुरैशी, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े कलाकार मौजूद हों, तो सहायक कलाकारों के लिए दर्शकों का ध्यान आकर्षित करना बेहद कठिन हो जाता है। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद अक्षय ओबेरॉय ने अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में एक अलग पहचान बनाई। उनके काम को इस कदर पसंद किया गया कि हर कोई उनकी अदाकारी की तारीफ करने लगा।
पहली बार साउथ दर्शकों के सामने आए
‘टॉक्सिक’ में अपने किरदार को मिले जबरदस्त प्यार को याद करते हुए अक्षय ओबेरॉय ने बताया कि यह पहला मौका था जब उन्हें इतने बड़े पैमाने पर बड़े पर्दे पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिला। यह पहला मौका था जब वह दक्षिण भारत के दर्शकों के सामने आए। खलनायक की भूमिका निभाकर उन्होंने जमकर तारीफ बटोरी। अक्षय ओबेरॉय ने बातचीत में साझा किया कि वह इसे अपनी बेहद खुशकिस्मती मानते हैं कि उन्हें इतने बड़े कलाकारों के साथ काम करने का शानदार मौका मिला।
पुरुष अधिकारों के इर्द-गिर्द घूमेगी 'लव लॉटरी'
अक्षय ओबेरॉय की आने वाली फिल्म ‘लव लॉटरी’ की बात करें तो इस फिल्म में उनके साथ हेली दारुवाला मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। यह फिल्म अपनी लीक से हटकर और काफी अनोखी कहानी के कारण चर्चा में है। फिल्म में हेली दारुवाला एक ऐसी महिला के किरदार में हैं जो अपने पति पर गलत आरोप लगाती है, जबकि अक्षय ओबेरॉय एक पीड़ित पति की भूमिका निभा रहे हैं जो अपनी शादीशुदा जिंदगी में पत्नी से काफी प्रताड़ित है।
सूरज बड़जात्या की फिल्म से की थी शुरुआत
अक्षय ओबेरॉय ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘इसी लाइफ में’ के माध्यम से की थी। अपने पहले ही प्रोजेक्ट में सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का अवसर मिलने के बाद अभिनेता को लगा था कि उनका आगे का सफर काफी आसान हो जाएगा, लेकिन असलियत वैसी नहीं रही। हालांकि पहली फिल्म राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी थी, फिर भी अभिनेता का संघर्ष खत्म नहीं हुआ।
ओटीटी पर भी सक्रिय रहे हैं अभिनेता
अपनी पहली फिल्म के बाद अक्षय ओबेरॉय फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। अक्षय ओबेरॉय और श्वेता तिवारी ने वेब प्रोजेक्ट ‘हम तुम और देम’ में साथ काम किया था। फिल्मों के अलावा अभिनेता ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी पूरी तरह सक्रिय हैं। उनकी वेब सीरीज ‘हाई’ को दर्शकों की तरफ से बेहद शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।

















