बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अक्षय कुमार और सैफ अली खान पूरे 18 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। दोनों जल्द ही आगामी फिल्म ‘हैवान’ में एक साथ नजर आएंगे। इससे पहले यह लोकप्रिय जोड़ी ‘ये दिल्लगी’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’, ‘आरजू’ और ‘टशन’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। अक्षय कुमार ने निर्देशक प्रियदर्शन के साथ मिलकर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि प्रियदर्शन के निर्देशन में सैफ अली खान पहली बार काम कर रहे हैं। इसी प्रोजेक्ट के सिलसिले में बातचीत के दौरान निर्देशक ने एक पुराना और दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जब सैफ उनके साथ काम करने से चूक गए थे।
निर्देशक प्रियदर्शन ने एक साक्षात्कार में खुलासा किया कि वह अपनी एक बेहद लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म के लिए सैफ अली खान के पास गए थे। यह फिल्म आज एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है और इसके मजेदार मीम्स आज भी सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। प्रियदर्शन ने बताया कि वह सैफ को ‘गरम मसाला’ की कहानी सुनाने गए थे, लेकिन उस समय परिस्थितियां ऐसी बनीं कि अभिनेता इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सके और उन्हें इससे अलग होना पड़ा।
क्यों हाथ से निकल गई थी 'गरम मसाला'?
प्रियदर्शन ने इस बात से पर्दा उठाया कि आखिर क्यों सैफ अली खान इस सुपरहिट फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए थे। निर्देशक के अनुसार, इसकी मुख्य वजह यह थी कि पटकथा लेखक नीरज वोरा समय पर स्क्रिप्ट का काम पूरा नहीं कर पाए थे। सैफ अली खान ने तीन दिनों तक इंतजार किया, लेकिन जब नीरज वोरा पूरी स्क्रिप्ट तैयार नहीं कर सके, तो मजबूरी में सैफ को अपनी शूटिंग की तारीखें किसी अन्य प्रोजेक्ट को देनी पड़ीं। इसी वजह से वह इस बेहतरीन कॉमेडी फिल्म का हिस्सा बनने से चूक गए।
इसी पहली मुलाकात को याद करते हुए प्रियदर्शन ने एक मजेदार वाकया भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह सैफ से मिलने पहली बार पहुंचे थे, तो उनके मुंह से सबसे पहले यह निकला था कि क्या आपके पिताजी यहां हैं और वह उनसे मिलना चाहते हैं। प्रियदर्शन भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं।
टाइगर पटौदी के मु मु मु मुरीद रहे हैं प्रियदर्शन
क्रिकेट जगत के महान खिलाड़ी मंसूर अली खान पटौदी यानी टाइगर पटौदी के प्रति प्रियदर्शन की दीवानगी पुरानी है। अपने दौर के इस दिग्गज क्रिकेटर को याद करते हुए प्रियदर्शन ने बताया कि उन्हें आज भी अच्छे से याद है जब उन्होंने यूनिवर्सिटी स्टेडियम में उन्हें रणजी ट्रॉफी खेलते हुए देखा था। बहुत कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि निर्देशन की दुनिया में कदम रखने से पहले प्रियदर्शन खुद भी एक पेशेवर क्रिकेटर हुआ करते थे। हालांकि, आंख में लगी एक गंभीर चोट के कारण उन्हें खेल को अलविदा कहना पड़ा था।
जब प्रियदर्शन अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग के दौरान सैफ अली खान के साथ थे, तो उनके पिता टाइगर पटौदी को लेकर लंबी बातचीत होना स्वाभाविक था। निर्देशक ने बताया कि उन्होंने सेट पर सैफ के साथ उनके पिता के खेल पर काफी चर्चा की और उन्हें टाइगर पटौदी के हर एक मैच का स्कोर तक याद था। सैफ ने इस दौरान प्रियदर्शन को उनके पिता पर लिखी गई एक खास किताब पर हस्ताक्षर करके भी दिए, जिसे निर्देशक ने आज तक संभाल कर सुरक्षित रखा है।
कैसी होगी आगामी फिल्म ‘हैवान’?
बातचीत के दौरान प्रियदर्शन ने अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ से जुड़े कुछ अहम पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में सैफ अली खान मुख्य नायक की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार इसमें नकारात्मक यानी विलेन के किरदार में नजर आएंगे। अपने लंबे फिल्मी करियर में यह पहला मौका है जब सैफ किसी दृष्टिबाधित यानी ब्लाइंड व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनके कई धमाकेदार एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलेंगे।
फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें सैफ और अक्षय के अलावा बोमन ईरानी, शारिब हाशमी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह बहुप्रतिक्षित फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।



















