एक ऐसी बेटी की कहानी जिसने अपने पिता की जिद के आगे झुकने से इनकार कर दिया और अपने सपनों को पूरा करने के लिए घर तक छोड़ दिया। उसने अपने पिता का सरनेम हमेशा के लिए हटाकर अपनी मां के नाम को अपनी पहचान बनाया। अपने करियर के शुरुआती दौर में वह अपनी ग्लैमरस और बोल्ड इमेज की वजह से जानी गईं और कभी आइटम नंबर तो कभी फिल्मों में दिए गए साहसी दृश्यों से उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। आज हम उसी मशहूर अदाकारा की बात कर रहे हैं।
यह अभिनेत्री कोई और नहीं बल्कि फिल्म मर्डर की सिमरन सहगल हैं, जिन्होंने अभिनेता इमरान हाशमी के साथ अपनी बोल्ड अदाकारी से पर्दे पर हलचल मचा दी थी। हम बात कर रहे हैं मल्लिका शेरावत की, जो इन दिनों फिल्म निर्माता करण जौहर के रियलिटी शो द ट्रैटर्स में नजर आ रही हैं। इस शो में उनके पहनावे से लेकर उनके बयानों तक, हर चीज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती है।
मल्लिका शेरावत का असली नाम रीमा लांबा है। उनका जन्म 24 अक्टूबर 1976 को हरियाणा के हिसार शहर में एक जाट परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी पहचान बदलने के लिए अपना नाम मल्लिका चुना, जिसका शाब्दिक अर्थ महारानी होता है। शेरावत उनकी मां का सरनेम है जिसे उन्होंने अपने नाम के साथ जोड़ा। इस तरह उन्होंने न केवल अपना नाम बदला बल्कि अपने पिता का नाम भी पूरी तरह से हटा दिया।
मल्लिका शेरावत कई मंचों पर यह बता चुकी हैं कि उनका पालन-पोषण एक बेहद रूढ़िवादी और सख्त परिवार में हुआ था। उनका परिवार कभी नहीं चाहता था कि घर की बेटी फिल्मों की दुनिया में कदम रखे। जब उन्होंने अपने पिता के सामने अभिनय में करियर बनाने की इच्छा जताई, तो उन्होंने साफ शब्दों में मना कर दिया। जब अभिनेत्री अपनी जिद पर अड़ी रहीं, तो उनके पिता ने उन्हें घर से बाहर निकाल दिया था।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से शिक्षा प्राप्त करने वाली मल्लिका शेरावत ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत फिल्म जीना सिर्फ मेरे लिए से की थी। इस फिल्म में वह करीना कपूर और तुषार कपूर के साथ एक सहायक भूमिका में नजर आईं थीं। इसके बाद उन्होंने फिल्म ख्वाहिश में काम किया, जिसके बोल्ड और लंबे किसिंग सीन ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद उन्होंने किस किस की किस्मत जैसी फिल्मों में भी काम किया, हालांकि ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं।
मल्लिका शेरावत के करियर ने तब एक बड़ी छलांग लगाई जब वह साल 2004 में आई फिल्म मर्डर में इमरान हाशमी के साथ मुख्य भूमिका में नजर आईं। अनुराग बसु के निर्देशन और महेश भट्ट के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। फिल्म में फिल्माए गए बोल्ड दृश्यों के कारण मल्लिका शेरावत की खूब चर्चा हुई और उन्हें एक अलग पहचान मिली। इस फिल्म का कुल बजट 5 करोड़ रुपये था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 22.50 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई की थी। फिल्मों में लगातार बोल्ड किरदार निभाने के कारण उन्हें एक समय सेक्स सिंबल के रूप में भी देखा जाने लगा था।
साल 2004 का यह दौर मल्लिका शेरावत के लिए बेहद भाग्यशाली साबित हुआ था। हालांकि, अपार नाम और लोकप्रियता मिलने के बावजूद वह अपने 22 साल के लंबे करियर में बहुत अधिक सफल फिल्में नहीं दे पाईं। उनके पूरे करियर पर नजर डालें तो मर्डर और वेलकम ही उनके खाते की दो बड़ी और सफल फिल्में मानी जाती हैं।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केवल दो बड़ी कमर्शियल हिट फिल्में देने के बावजूद मल्लिका शेरावत आज करीब 170 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं। फिल्मों और रियलिटी टेलीविजन शो के अलावा वह देश-विदेश के बड़े ब्रांड एंडोर्समेंट, पेड पब्लिक अपीयरेंस और प्रॉपर्टी में किए गए निवेश के जरिए भारी कमाई करती हैं।



















