बॉलीवुड के जिन सुपरस्टार्स को आज करोड़ों फैंस चाहते हैं, उनके करियर की शुरुआत हमेशा शानदार नहीं रही। किसी की पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया तो किसी को अपनी असली पहचान बनाने के लिए दूसरी या तीसरी फिल्म का इंतजार करना पड़ा। आइए जानते हैं बॉलीवुड के सात बड़े सितारों की डेब्यू फिल्मों का पूरा हिसाब।
शाहरुख खान: दीवाना ने दिलाई पहली पहचान
बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान ने साल 1992 में फिल्म दीवाना से फिल्मी सफर शुरू किया था। इस फिल्म में उनके साथ ऋषि कपूर भी नजर आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीवाना महज 3 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इतनी कमाई के दम पर फिल्म को हिट का दर्जा मिला और शाहरुख खान का बॉलीवुड में आगाज़ शानदार रहा।
सलमान खान: पहली फिल्म फ्लॉप, दूसरी ने बदल दी किस्मत
सलमान खान का बॉलीवुड में पहला कदम फिल्म बीवी हो तो ऐसी से पड़ा था, जिसमें उनके साथ रेखा और फारुख शेख मुख्य भूमिका में थे। साल 1988 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। लेकिन इसके बाद सलमान खान ने बतौर लीड हीरो सूरज बड़जात्या की फिल्म मैंने प्यार किया से डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ भाग्यश्री थीं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और सलमान खान को असली पहचान इसी फिल्म से मिली।
आमिर खान और अजय देवगन का धमाकेदार आगाज़
आमिर खान ने साल 1988 में आई फिल्म कयामत से कयामत तक से फिल्मी दुनिया में एंट्री की थी। इस फिल्म में उनकी हीरोइन जूही चावला थीं और ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। वहीं अजय देवगन ने साल 1991 में फिल्म फूल और कांटे से डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ मधु नजर आई थीं और इस जोड़ी को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला, यही वजह रही कि फूल और कांटे बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।
अक्षय कुमार को नहीं मिली शुरुआती हिट
दिलचस्प बात ये है कि अक्षय कुमार ने भी अजय देवगन के साथ साल 1991 में ही अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म सौगंध थी, लेकिन अजय देवगन की डेब्यू फिल्म की तरह ये फिल्म हिट नहीं हो पाई। यानी एक ही साल में डेब्यू करने के बावजूद दोनों सितारों की शुरुआती किस्मत अलग-अलग रही।
रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की अलग-अलग कहानी
फिल्म धुरंधर से हाल में धूम मचाने वाले रणवीर सिंह को यशराज बैनर तले लॉन्च किया गया था। उनके साथ अनुष्का शर्मा ने भी इसी फिल्म से डेब्यू किया था। रणवीर सिंह की पहली फिल्म बैंड बाजा बारात थी, जिसका बजट करीब 10 करोड़ रुपये था। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 33 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर हिट का तमगा हासिल किया। दूसरी तरफ रणबीर कपूर, जो आजकल मेगा बजट फिल्म रामायण को लेकर व्यस्त हैं, उनकी कहानी इससे उलट रही। रणबीर कपूर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया से डेब्यू किया था, जिसमें उनके साथ सोनम कपूर नजर आई थीं। लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई थी।











