भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ गाने ऐसे हैं जिनकी चमक समय के साथ कभी फीकी नहीं पड़ती। ऐसे ही गानों में किशोर कुमार और लता मंगेशकर की आवाज में सजा 'नैनों में सपना' भी शामिल है। इस गाने में श्रीदेवी और जितेंद्र की शानदार केमिस्ट्री के साथ-साथ बेहतरीन कोरियोग्राफी देखने को मिली थी, जिसने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी।
साल 1983 की हिम्मतवाला का जादू
यह एवरग्रीन गाना साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म हिम्मतवाला का हिस्सा था। इस गाने के बोल इंदीवर यानी श्यामलाल बाबू राय ने लिखे थे, जबकि इसका संगीत बप्पी लहिरी ने तैयार किया था। उस दौर में यह गाना ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था और आज भी लोग इसे बड़े चाव से सुनते हैं।
तीन दशक बाद रीक्रिएट हुआ गाना
साल 2013 में इसी नाम से एक और फिल्म बनाई गई जिसमें अजय देवगन और तमन्ना भाटिया ने मुख्य भूमिका निभाई। इस नई फिल्म के लिए 'नैनों में सपना' गाने को भी दोबारा तैयार किया गया। इस नए वर्जन को किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी थी, और इसका संगीत साजिद वाजिद की जोड़ी ने दिया था।
ओरिजिनल जैसी सफलता नहीं मिली
साल 2013 में आई हिम्मतवाला असल में एक रीमेक थी, जिसके सेट, गाने और कोरियोग्राफी पुरानी फिल्म से मिलते-जुलते थे। हालांकि, अजय देवगन की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। दर्शकों ने न तो इस रीमेक फिल्म को पसंद किया और न ही इसके गानों को वो प्यार मिला जो साल 1983 की ओरिजिनल फिल्म को मिला था।
ओरिजिनल फिल्म की ब्लॉकबस्टर सफलता
जितेंद्र और श्रीदेवी की जोड़ी वाली ऑरिजिनल हिम्मतवाला को दर्शकों का अपार प्यार मिला था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी और इसे ब्लॉकबस्टर घोषित किया गया था। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का निर्देशन के राघवेंद्र राव ने किया था और इसमें असरानी, शोमा आनंद और कादर खान जैसे जाने-माने कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि साल 1983 की यह फिल्म खुद साल 1981 में आई तेलुगु फिल्म ऊरुकी मोनागाडु का रीमेक थी।



















