शुक्रवार को सेंट्रल यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर पर रूसी ड्रोन्स ने भीषण हमला कर दिया। इस हमले में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 121 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद शॉपिंग मॉल परिसर में भीषण आग लग गई और चारों तरफ मलबा फैल गया।
रेस्क्यू टीम को निशाना बनाने के लिए 'डबल-टैप स्ट्राइक'
अधिकारियों के अनुसार रूसी सेना ने इस हमले को अंजाम देने के लिए रणनीतिक 'डबल-टैप स्ट्राइक' की तकनीक अपनाई। ड्रोन्स के पहले जत्थे ने सीधे शॉपिंग मॉल पर हमला करके तबाही मचाई। इसके तुरंत बाद जब राहत और बचाव कर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने पहुंचे, तभी ड्रोन्स का दूसरा जत्था भी वहां आ धमका और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे कर्मियों को निशाना बनाया।
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का गृहनगर है क्रिवी रिह
यह हमला जिस क्रिवी रिह शहर में हुआ है, वह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का गृहनगर है। इस औद्योगिक शहर को पहले भी कई बार हवाई हमलों का सामना करना पड़ा है, लेकिन नागरिक सुविधाओं और शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाकर किया गया यह हमला बेहद विनाशकारी साबित हुआ है।



















