जर्मनी के म्यूनिख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 15 अगस्त को एक बड़ी विमानन दुर्घटना टल गई। वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN-34 ने हनोई के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ करते समय बोइंग 787-9 विमान का पिछला हिस्सा यानी पूंछ रनवे से घिस गई। इस घटना के तुरंत बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए म्यूनिख के ऊपर लगभग दो घंटे तक चक्कर लगाए और सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।
हवा में चक्कर काटकर कम किया गया फ्यूल
टेकऑफ के दौरान हुए इस हादसे के बाद विमान लगभग 9,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया। सुरक्षित लैंडिंग के लिए विमान का वजन कम करना जरूरी था, जिसके चलते क्रू ने म्यूनिख के आसमान में करीब दो घंटे तक चक्कर लगाते हुए हवा में ही फ्यूल गिराया। विमान की पूंछ के निचले हिस्से में रनवे से टकराने की वजह से काफी नुकसान हुआ था, जिसे टेल स्ट्राइक कहा जाता है।
विमान में सवार 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर सुरक्षित
यह बोइंग 787-9 प्लेन स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:45 बजे म्यूनिख से हनोई के लिए रवाना हुआ था। वियतनाम के सरकारी मीडिया के अनुसार, इस फ्लाइट में कुल 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर्स मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित जमीन पर लौट आए। शुरुआत में एयरलाइन की ओर से बयान दिया गया था कि तकनीकी खराबी की वजह से फ्लाइट की वापसी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ टेकऑफ का वीडियो
इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर काफी देखा जा रहा है। एक्स पर साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि बोइंग 787 विमान रनवे पर तेजी से स्पीड पकड़ता है। इसी दौरान एक तेज रगड़ की आवाज आती है और विमान का पिछला हिस्सा रनवे की सतह से टकरा जाता है। इसके तुरंत बाद जैसे ही प्लेन हवा में उठता है, उसके पीछे धूल और धुएं का बड़ा गुबार उड़ता दिखाई देता है।
म्यूनिख एयरपोर्ट का नॉर्थ रनवे करना पड़ा बंद
विमान ने उड़ान भरने के लिए साउथ रनवे का इस्तेमाल किया था, लेकिन इमरजेंसी लैंडिंग के लिए नॉर्थ रनवे का उपयोग किया गया। लैंडिंग के बाद सुरक्षा और जांच के कारणों से म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन को अपना नॉर्थ रनवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। रनवे बंद होने की वजह से हवाई अड्डे पर कई अन्य उड़ानों की आवाजाही में देरी हुई और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।


















