पारंपरिक सोलह श्रृंगार में चूड़ियों की खनक हर महिला के सजने-संवरने को पूरा करती है। त्योहारों और खास मौकों पर खूबसूरत डिजाइन वाली चूड़ियां कलाइयों की शोभा बढ़ाती हैं, लेकिन कई बार सही साइज न मिलने या छोटे नाप की चूड़ी पसंद आने पर उन्हें पहनना काफी मुश्किल भरा साबित होता है। घरों में महिलाएं जब जबरदस्ती छोटी चूड़ियां कलाई पर चढ़ाने का प्रयास करती हैं, तो वे झटके में टूट जाती हैं। इससे न केवल पसंदीदा चूड़ियां बेकार हो जाती हैं, बल्कि कांच के टुकड़ों से हाथों में गहरी चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। इस तरह की परेशानी से बचने के लिए कुछ बेहद सीधे और असरदार उपाय अपनाए जा सकते हैं।
ऑयली क्रीम या तेल की मदद से चिकनी करें कलाई
कांच के काम और चूड़ियों के लिए मशहूर फिरोजाबाद शहर के प्रसिद्ध चूड़ी बाजार गली इमामबाड़ा में दुकान चलाने वाले नितिन गोयल के अनुसार, महिलाएं अक्सर छोटी नाप की चूड़ियों को लेकर असमंजस में रहती हैं। आज के दौर में फिटिंग की वजह से कई महिलाएं अपेक्षाकृत छोटे साइज की चूड़ियां खरीदना पसंद करती हैं। जब इन्हें सीधे सूखे हाथों पर चढ़ाने की कोशिश की जाती है, तो कलाई के चौड़े हिस्से पर रगड़ लगने से चूड़ी चटक जाती है। नितिन गोयल बताते हैं कि ऐसी स्थिति में सबसे पहला और आसान तरीका यह है कि चूड़ी पहनने से पहले कलाई और हथेली पर हल्का सा तेल लगा लें या किसी भी ऑयली क्रीम का इस्तेमाल करें। इससे त्वचा पर चिकनाहट आ जाती है और चूड़ी बिना किसी दबाव के फिसलकर आसानी से कलाई में चली जाती है।
पॉलिथीन की तरकीब से नहीं आएगी खरोंच
क्रीम या तेल के अलावा एक और आजमाया हुआ तरीका है हाथ पर पॉलिथीन की पतली थैली चढ़ाना। नितिन गोयल के मुताबिक, कलाई पर चूड़ी पहनाने के लिए पहले हाथ पर पॉलिथीन पहन लें और फिर उसके ऊपर से चूड़ियों को धीरे-धीरे आगे खिसकाएं। प्लास्टिक की चिकनी सतह के कारण कांच की चूड़ियां बिना किसी रुकावट के कलाई के पार पहुंच जाती हैं। इस तरीके का सबसे बड़ा फायदा यह है कि चूड़ी टूटने का अंदेशा लगभग खत्म हो जाता है और हथेली या उंगलियों पर किसी तरह की खरोंच भी नहीं आती।
कलाई के साइज को ध्यान में रखकर करें चूड़ियों का चुनाव
नितिन गोयल सलाह देते हैं कि महिलाओं को जबरन बहुत ज्यादा छोटे साइज की चूड़ियां पहनने से परहेज करना चाहिए। बाजार में सामान्यतः चूड़ियों के चार से पांच प्रमुख साइज उपलब्ध रहते हैं, जिनमें 22, 24, 26 और 28 नंबर सबसे ज्यादा चलन में हैं। अपनी कलाई के वास्तविक माप के अनुरूप सही नंबर चुनना सबसे सुरक्षित विकल्प है। सही नाप चुनने और तेल, क्रीम या पॉलिथीन जैसी आसान विधियों का इस्तेमाल करने से बिना किसी परेशानी के मनपसंद चूड़ियां पहनी जा सकती हैं।


















